प्रवासी मजदूरों को लेकर राजघाट पर धरना दे रहे यशवंत सिन्हा को पुलिस ने हिरासत में लिया

सिन्हा के साथ आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और दिलीप पांडेय भी शामिल हुए और उन्होंने लॉकडाउन की वजह से जहां-तहां फंसे हुए प्रवासी कामगारों को उनके गृह राज्य पहुंचाने के लिए उचित बंदोबस्त करने की मांग की।

जमात

नयी दिल्ली, 18 मई पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने में मदद के लिए सशस्त्र बलों को तैनात करने की मांग करते हुए सोमवार को यहां राजघाट पर धरने पर बैठ गये।

सिन्हा के साथ आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और दिलीप पांडेय भी शामिल हुए और उन्होंने लॉकडाउन की वजह से जहां-तहां फंसे हुए प्रवासी कामगारों को उनके गृह राज्य पहुंचाने के लिए उचित बंदोबस्त करने की मांग की।

हालांकि शाम को दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उन्हें पास के एक थाने में ले जाया गया।

सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली पुलिस ने कुछ देर पहले हमें गिरफ्तार कर लिया।’’

पुलिस की ओर से इस मामले में तत्काल कोई बयान नहीं आया है।

पूर्व भाजपा नेता और नरेंद्र मोदी सरकार के घोर आलोचक सिन्हा ने कहा कि असैन्य प्राधिकार सड़कों पर पैदल चलने को बाध्य हुए प्रवासी मजदूरों की मदद करने में नाकाम रहे हैं, फिर चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकारें।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी साधारण सी मांग है कि सशस्त्र बलों और अर्द्धसैनिक बलों को जिम्मेदारी दी जाए कि वे अपने पास मौजूद सभी संसाधनों और वे जिन असैन्य संसाधनों को ले सकते हैं, उनका उपयोग करके इन प्रवासी श्रमिकों को सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाएं।’’

पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने से पहले सिन्हा ने कहा था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह धरने पर बैठे रहेंगे।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा को केवल अमीरों की चिंता है और उसने गरीबों को उनके हाल पर छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार के पास कोई रणनीति नहीं है क्योंकि उसकी प्रवासियों की मदद करने की कोई इच्छाशक्ति नहीं है। भाजपा की सरकार गरीब-विरोधी है। आप विदेश से लोगों को बुला सकते हैं लेकिन सड़कों पर पैदल चल रहे मजदूरों की मदद नहीं कर सकते। इस संकट से यह बात साबित हो गयी है।’’

आप विधायक दिलीप पांडेय ने कहा कि सरकार को प्रवासियों के प्रति कुछ संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार के पास रोजाना 20 हजार ट्रेनें चलाने की और देशभर में 2.3 करोड़ लोगों को यहां-वहां पहुंचाने की क्षमता है। लोगों की मदद के लिए सरकार को इस क्षमता का इस्तेमाल करना चाहिए।’’

बाद में आप नेताओं ने धरना समाप्त कराने और उन्हें हिरासत में लिये जाने के पुलिस के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया।

संजय सिंह ने कहा कि क्या प्रवासियों के अधिकारों के लिए धरना देना अपराध है।

पांडेय ने कहा कि नफरत फैलाने वाले नेताओं को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती, लेकिन गरीब प्रवासियों के अधिकारों के लिए लड़ने वालों को हिरासत में ले लिया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India 4th T20I Toss Winner Prediction: ऑकलैंड में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी

India vs New Zealand 4th T20I Match Key Players To Watch Out: ऑकलैंड में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच आज होगी रोमांचक टक्कर, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें

India vs New Zealand 4th T20I Match Dream11 Prediction: ऑकलैंड में आज टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच होगी रोमांचक टक्कर, इन धुरंधरों को चुनकर बनाएं मजबूत फैंटेसी इलेवन टीम

Team India vs New Zealand T20I Stats At Eden Park: ऑकलैंड के ईडन पार्क में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी