देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां थलतेज और वस्त्राल के बीच अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया और इसमें सफर भी किया।

अहमदाबाद, 30 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां थलतेज और वस्त्राल के बीच अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया और इसमें सफर भी किया।

प्रधानमंत्री ने मेट्रो ट्रेन के पूर्वी-पश्चिमी गलियारे के कालूपुर स्टेशन पर परियोजना का उद्घाटन किया। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखायी। इसी पर सवार होकर प्रधानमंत्री कालूपुर स्टेशन पहुंचे।

मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने थलतेज तक इसमें सफर भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, सांसद सी आर पाटिल और किरीट सोलंकी भी उनके साथ थे।

गुजरात मेट्रो रेल निगम (जीएमआरसी) ने एक बयान में कहा कि थलतेज और वस्त्राल के बीच 21 किलोमीटर लंबे इस गलियारे के बीच 17 स्टेशन हैं। इस गलियारे में चार स्टेशनों के साथ 6.6 किमी का भूमिगत खंड भी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 4 मार्च 2019 को परियोजना के पहले चरण के एक हिस्से का उद्घाटन किया था। इस हिस्से में वस्त्राल से अपैरल पार्क के बीच 6.5 किलोमीटर की दूरी को मेट्रो से जोड़ा गया था। इस परियोना को 2014 में मंजूरी मिली थी।

जीएमआरसी ने कहा कि मेट्रो का किराया पांच रुपये से 15 रुपये के बीच होगा।

इस परियोजना के दूसरे चरण के तहत राजधानी गांधीनगर को अहमदाबाद से जोड़ा जाएगा। यह पहले चरण का विस्तार होगा। इस चरण में दो गलियारे होंगे, जिनमें मोटेरा स्टेडियम से महात्मा मंदिर के बीच 22.8 किलोमीटर का एक हिस्सा होगा। इसमें 20 स्टेशन होंगे। दूसरा हिस्सा 5.4 किलोमीटर का होगा जो नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को गिफ्ट सिटी से जोड़ेगा। इसमें दो स्टेशन होंगे। दूसरे चरण में पूरे मार्ग का विस्तार भी किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक अहमदाबाद मेट्रो भूमिगत सुरंगों, वायडक्ट और पुलों, एलिवेटेड और भूमिगत स्टेशन भवनों, गिट्टी रहित रेल पटरियों और चालक रहित ट्रेन संचालन के अनुरूप रोलिंग स्टॉक आदि से युक्त एक विशाल अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा परियोजना है।

मेट्रो ट्रेन कम खपत वाली एक प्रणाली से सुसज्जित है, जिससे ऊर्जा खपत में लगभग 30 से 35 प्रतिशत की कमी हो सकती है। ट्रेन में अत्याधुनिक सस्पेंशन सिस्टम है जो यात्रियों को बहुत ही सहज सवारी का अनुभव प्रदान करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\