देश की खबरें | लोग अब खुलकर आप की सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकताओं से विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक बूथों पर जीत का लक्ष्य रखने का आह्वान किया और कहा कि लोग अब खुलकर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और उसे उसके वादों की याद दिला रहे हैं।

नयी दिल्ली, 22 जनवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकताओं से विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक बूथों पर जीत का लक्ष्य रखने का आह्वान किया और कहा कि लोग अब खुलकर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और उसे उसके वादों की याद दिला रहे हैं।

‘नमो एप’ के जरिए ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मोदी ने आप को एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए ‘आपदा’ करार दिया और कहा कि जब इससे मुक्ति मिलेगी तभी दिल्ली को ‘विकसित भारत’ की ‘विकसित राजधानी’ बनाने का संकल्प सिद्ध हो पाएगा।

मोदी ने यह दावा भी किया कि ‘आप-दा’ वाले आगामी विधानसभा चुनाव में इतने डरे हुए हैं कि उन्हें हर दिन एक नयी घोषणा करनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली वाले आप वालों की आप-दा और उनके झूठ एवं फरेब से अब ऊब चुके हैं। पहले कांग्रेस ने और फिर आप वालों की आप-दा ने दिल्ली के लोगों से बहुत विश्वासघात किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये आप-दा वाले अब हर दिन एक नई घोषणा कर रहे हैं। इसका मतलब है कि उनको रोज पराजय की नई-नई खबरें मिल रही हैं। ये इतने डरे हुए हैं कि इन्हें रोज सुबह एक नई घोषणा करनी पड़ रही है। लेकिन अब दिल्ली की जनता इनका खेल समझ गई है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दिनों वे अपनी चुनावी सभाओं में दावा करते फिरते हैं कि ‘फिर आएंगे’ लेकिन अब जनता उन्हें बोलती है कि वे ‘फिर खाएंगे’।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘आप-दा’ वालों की पोल खोलने और केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही आम आदमी पार्टी को दिल्ली वालों के लिए ‘आप-दा’ बताते आ रहे हैं।

उन्होंने ‘आप’ पर पूर्वांचल के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर निकालने की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी में उनके लिए नफरत भरी हुई है।

लोगों की पानी जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में विफल रहने के लिए दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने भाजपा के एक सदस्य से बातचीत में कहा कि शराब उपलब्ध है लेकिन पानी उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी कि यहां सत्ता में आने पर हर किसी तक पीने का पानी पहुंचे।

उन्होंने लोगों के बिजली बिलों में वृद्धि के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘शीशमहल’ आप के झूठ और छल का जीता-जागता उदाहरण है।

भाजपा ने केजरीवाल के सरकारी आवास को ‘शीशमहल’ बताया था और दावा किया था कि उन्होंने घर पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं।

मोदी ने कहा कि केजरीवाल ने यमुना नदी को साफ करने का वादा किया था लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अब कह रहे हैं कि यमुना को साफ करने के लिए वोट नहीं मिलते।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप गरीबों के लिए घर बनाने के अपने वादे को पूरा करने में भी विफल रही जबकि केंद्र ने उनके लिए हजारों घर बनाए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने बूथ कार्यकर्ताओं के बल पर भारी जीत दर्ज करेगी और लोग, विशेषकर महिलाएं उसके अभियान की अगुवाई कर रही हैं।

भाजपा के कई कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अक्सर झूठे वादे करती है और दावा किया कि आप इस मामले में मुख्य विपक्षी पार्टी से काफी आगे निकल गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में बर्बादी और बुराइयां आने में सात दशक लग गए। इनमें तो मात्र सात महीने में कांग्रेस की सारी बुराइयां आ गईं और अब तो पिछले नौ साल में इन्होंने उन बुराइयों को भी दोगुना कर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि आजकल आप-दा के समर्थक और कार्यकर्ता भी मायूस हो गए हैं और वे मानकर बैठे हैं कि ये आप वाले तो ‘कट्टर बेईमान’ निकले।

उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाते गए, लेकिन इन्हें शर्म नहीं है। इन घोटालों को लेकर दिल्ली में गुस्सा भी बहुत भारी है।

मोदी ने कहा कि भाजपा का मॉडल सत्य पर आधारित है और हरियाणा, महाराष्ट्र और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में उसकी सरकारों ने महिलाओं को नकद सहायता देने समेत अपने वादों को पूरा किया है।

प्रधानमंत्री ने मध्यम वर्ग के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता और उसके जीवन को आसान बनाने को कोशिशों को रेखांकित किया और कहा कि केंद्र सरकार ने मेट्रो और राजमार्गों के निर्माण सहित इसके लिए अच्छी खासी राशि खर्च की है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली में लाखों परिवार केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के साथ हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि 8 वां वेतन आयोग उनके भाग्य को बदल देगा।

मोदी ने कहा कि पांच फरवरी को मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए, भले ही ठंड कितनी भी क्यों न हो।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें याद रखना है कि सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा सरकार बनाने का है। दिल्ली को आप-दा ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है, हमें दिल्ली को उनसे मुक्त कराना है। जब ऐसा होगा, तभी दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प सिद्ध हो पाएगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 25 साल में जिनका जन्म हुआ है या आज जो 35 साल के होंगे, उनको राष्ट्रीय राजधानी में सिर्फ ‘बर्बादी ही बर्बादी’ देखने को मिली है और उन्होंने आशा छोड़ दी है तथा वे निराशा के गर्त में डूब चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बार दिल्ली में नया विश्वास पैदा करने के लिए इसे 25 साल की सारी बुराइयों से बाहर निकाल कर एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ाना है। मैं जानता हूं दिल्ली का हर कार्यकर्ता इसके लिए तैयार है, ऊर्जा से भरा हुआ है।’’

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 4th T20I Match Scorecard: हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 248 रनों का विशाल लक्ष्य, शाई होप ने खेली तूफानी शतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Score Update: हैदराबाद में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का चौथा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? हैदराबाद में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Toss And Scorecard: हैदराबाद में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड