देश की खबरें | संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने से एक सप्ताह पहले रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की।
नयी दिल्ली, 16 जून संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने से एक सप्ताह पहले रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की।
रीजीजू ने कांग्रेस प्रमुख के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर खरगे से मुलाकात की। इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है।
मंत्री ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बैठक की एक तस्वीर साझा की।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के साथ मेरी शिष्टाचार मुलाकात हुई। उन्होंने अपने जीवन के कई बहुमूल्य अनुभव मेरे साथ साझा किए। हम सब मिलकर देश के लिए काम करेंगे।’’
पिछले सप्ताह मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए रीजीजू ने कहा था कि सरकार या विपक्ष को संख्या बल के आधार पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि संसद के सुचारू संचालन के लिए वह सभी से संपर्क करेंगे।
अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा और इस दौरान निचले सदन के नए सदस्य शपथ लेंगे और अध्यक्ष का चुनाव होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 जून को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और अगले पांच वर्ष के लिए नई सरकार के कामकाज की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगी।
सत्र तीन जुलाई को संपन्न होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)