देश की खबरें | संसद की सुरक्षा सेंधः लोकसभा कक्ष में दो व्यक्ति कूदे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली 'केन' लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और कुछ अन्य नारे लगाए।

दिल्ली पुलिस को संदेह है कि सुरक्षा चूक की इस घटना में कुल छह लोग शामिल हैं।

सदन में करीब एक बजे शून्यकाल के दौरान दो व्यक्तियों के दर्शक दीर्घा से सांसदों के बीच कूदने की घटना घटी।

विपक्षी दलों ने इस घटना की गहन जांच की मांग करने के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह के बयान तथा संसद की सुरक्षा की समीक्षा का आग्रह किया।

सदन में कूदने वाले दोनों व्यक्तियों पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है। संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के गांव घासो खुर्द निवासी नीलम (42) और लातूर (महाराष्ट्र) निवासी अमोल शिंदे (25) के रूप में हुई है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में दो लोगों के कूदने की घटना को गंभीर करार देते हुए कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच की जा रही है तथा संसद की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जो धुआं सदन में फैलाया गया था वह साधारण था और इसको लेकर चिंता वाली कोई बात नहीं है।

बिरला ने लोकसभा में कूदने वाले दोनों व्यक्तियों को रोकने और दबोचने में मुस्तैदी एवं निडरता दिखाने के लिए सांसदों, सुरक्षाकर्मियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिख रहा है कि कई सांसद सदन में कूदने वाले एक व्यक्ति को पीट रहे हैं। इन सांसदों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मलूक नागर शामिल हैं।

बसपा के लोकसभा सदस्य दानिश अली ने कहा कि सागर शर्मा नामक व्यक्ति का पास मैसूर से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा की अनुशंसा पर बना था।

विपक्षी दलों ने इस विषय पर सरकार से जवाब और संसद की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की मांग की।

संसद की सुरक्षा में चूक की यह घटना 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन हुई है।

सदन में शून्यकाल के दौरान दोपहर करीब एक बजे दर्शक दीर्घा से दो व्यक्ति सदन में कूदे और इनमें से एक व्यक्ति एक मेज से अगली मेज पर तेजी से कूदते हुए आगे की ओर भाग रहा था। इन लोगों ने केन से सदन में धुआं फैला दिया सुरक्षाकर्मियों और कुछ सांसदों ने इन्हें घेर लिया। बाद में दोनों को पकड़ लिया गया। उस समय आसन पीठासीन सभापति के रूप में राजेंद्र अग्रवाल बैठे थे। उन्होंने सदन की कार्यवाही तत्काल करीब एक घंटे के लिए स्थगित कर दी।

इस घटना को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम ने सदन में कहा, ‘‘ बिरला ने लोकसभा में सदस्यों से कहा, ‘‘आज जो आज घटना घटी है वह हम सबके लिए चिंता का विषय है। यह गंभीर घटना भी है। हमारे सांसदों, सुरक्षाकर्मियों, मार्शलों, चैम्बर स्टॉफ ने जिस तरह से मुस्तैदी और निडरता के साथ उनको (कूदने वालों को) दबोचा, मैं उसके लिए उन सबको बधाई देता हूं।’’

उन्होंने कहा , ‘‘आज के दिन ही 2001 में इसी तरह से हमारे केंद्रीय सुरक्षा बल, संसद सुरक्षा बल, अन्य लोगों ने उस हमले को विफल किया था। आज घटना को विफल करने के लिए हमने जो सामूहिक प्रयास किया है उसके लिए सदन को बधाई देता हूं।’’

लोकसभा अध्यक्ष ने सदन को बताया, ‘‘हम इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर रहे हैं। जांच के उपरांत जो निष्कर्ष निकलेंगे, उनके अनुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी। सभी दलों के नेताओं और सांसदों ने ऐसा आग्रह भी किया है।’’

बिरला ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में क्या-क्या सुधार हो सकता है, उस पर सभी दलों के नेताओं के सुझाव के आधार पर कदम उठाये जाएंगे।

बिरला ने सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इस घटना को लेकर बिरला ने सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद की सुरक्षा में भारी चूक को लेकर चिंता जताई और मामले की जांच के साथ-साथ नए भवन में भी पुराने भवन की तरह सख्त सुरक्षा कदम उठाने की मांग की।

तृणमूल कांग्रेस के कुछ सांसदों ने इस घटना की तुलना अपनी पार्टी सहयोगी महुआ मोइत्रा के निष्कासन से की और उन भाजपा सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिन्होंने कथित तौर पर आरोपियों को संसद में प्रवेश करने के लिए पास दिलाने में मदद की थी।

सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर संसद की सुरक्षा समीक्षा की मांग कर सकते हैं।

वहीं, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि बुधवार को संसद की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में छह लोग शामिल थे और इनमें से पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अच्छी तरह से समन्वित, सावधानीपूर्वक रची गई साज़िश के जरिए छह आरोपियों ने संसद की सुरक्षा का उल्लंघन किया।

आरोपी अमोल शिंदे और नीलम को संसद भवन के बाहर से पकड़ा गया, जबकि सागर शर्मा और मनोरंजन डी को लोकसभा के अंदर से पकड़ा गया। वे पुलिस की हिरासत में हैं।

शक है कि ललित और विशाल उनके साथी हैं। सूत्रों ने बताया कि विशाल को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया है, जबकि ललित को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस के दलों को विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\