खेल की खबरें | पंत और राहुल के शतक, भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए दिया 371 रन का लक्ष्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (118 रन) और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (137 रन) की शतकीय पारियों से भारत ने सोमवार को यहां पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन का लक्ष्य दिया जिसने स्टंप तक बिना विकेट पर 21 रन बना लिए।

लीड्स, 23 जून विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (118 रन) और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (137 रन) की शतकीय पारियों से भारत ने सोमवार को यहां पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन का लक्ष्य दिया जिसने स्टंप तक बिना विकेट पर 21 रन बना लिए।

भारत तीसरे सत्र में दूसरी पारी में 364 रन पर सिमट गया और पंत इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सैकड़ा जड़ने वाले खेल के इतिहास में दूसरे विकेटकीपर बने। उन्होंने शतकीय पारी के दौरान 140 गेंद का सामना करते हुए 15 चौके और तीन छक्के जमाए। पंत इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच में दो शतक बनाने वाले पहले भारतीय भी बन गए।

वहीं राहुल ने सुबह 47 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 62वें ओवर में 202 गेंद में अपना नौवां टेस्ट शतक पूरा किया। राहुल ने करीब 18 महीने में पहला टेस्ट शतक जड़ा है। उन्होंने दिसंबर 2023 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछला शतक लगाया था। उनके नौ टेस्ट शतकों में से आठ पारी का आगाज करते हुए लगे हैं।

राहुल ने 247 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में 18 चौके जड़े।

दिन का खेल खत्म होने पर बेन डकेट नौ और जाक क्राउली 12 रन बनाकर खेल रहे थे। पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला के बढ़त हासिल करने के लिए इंग्लैंड को अंतिम दिन 350 रन और बनाने होंगे।

भारत ने सुबह के सत्र में कप्तान शुभमन गिल (08) के रूप में एक विकेट गंवाया। इसके बाद राहुल और पंत ने चौथे विकेट के लिए 195 रन की भागीदारी निभाकर टीम को मजबूत स्कोर की तरफ बढ़ाया।

पहले सत्र में पंत ने हालांकि अपनी तेज तर्रार खेलने की प्रवृत्ति पर लगाम लगाई लेकिन लंच के बाद तेवर बदलकर मैच में अपना दूसरा शतक पूरा किया। पंत 130 गेंद में अपना आठवां शतक पूरा करते ही जिम्बाब्वे के महान खिलाड़ी एंडी फ्लावर के बाद एक मैच की दोनों पारियों में 100 रन बनाने वाले दूसरे विकेटकीपर बने। उन्होंने पहली पारी में 134 रन बनाए थे।

शतक जड़ने के बाद भी पंत ने यही आक्रामक लय जारी रखी। उन्होंने जो रूट के तीसरे ओवर में 19 रन जोड़ दिए। लेकिन शोएब बशीर (90 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर लांग ऑन में जाक क्राउली के हाथों कैच आउट हो गए। भारत ने दूसरे सत्र में एकमात्र पंत का विकेट गंवाया।

भारत का दिन के अधिकांश समय में प्रदर्शन शानदार रहा। लेकिन तीसरे सत्र में राहुल के आउट होने के बाद टीम ने 16 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिए।

इनमें से तीन विकेट तो जोश टंग (72 रन देकर तीन विकेट) के एक ओवर में गिरे जिसमें शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह सभी 91वें ओवर की पहली चार गेंदों पर आउट हो गए।

करूण नायर ने 20 रन और आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने नाबाद 25 रन बनाए।

भारत ने बादलों और हवा भरी सुबह में दो विकेट पर 90 रन से खेलना शुरू किया लेकिन शुरूआत अच्छी नहीं रही। सात गेंद ही डाली गई थीं कि पहली पारी के शतकवीर गिल अपने निजी स्कोर में दो रन जोड़ने के बाद आउट हो गए जिन्हें ब्रायडन कार्स (80 रन देकर तीन विकेट) ने गुडलेंथ गेंद पर बोल्ड किया। पर राहुल और पंत ने बेहतरीन टाइमिंग और संयम से बल्लेबाजी की।

इसके अलावा इंग्लैंड के गेंदबाजों को पहले सत्र में और कोई सफलता नहीं मिली, हालांकि उन्होंने अपनी लाइन एवं लेंथ से दोनों बल्लेबाजों को परेशान किया।

गिल के आउट होने के बाद पंत क्रीज पर उतरे और उन्होंने हमेशा की तरह शानदार शॉट खेलते हुए तेज गेंदबाजों पर रन जुटाने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान उन्हें किस्मत का भी साथ मिला क्योंकि वह जिस तरह के शॉट खेलना चाह रहे थे, उसे खेलने के लिए कनेक्ट नहीं कर पाए।

पंत ने क्रिस वोक्स की गेंद पर शुरूआत की जो उनके बल्ले से लगकर स्लिप कॉर्डन के ऊपर से गई। फिर इस विकेटकीपर ने स्लॉग स्वीप और पैडल स्वीप खेलने का प्रयास किया। फिर एक खराब शॉट खेलने के बाद खुद से नाराज भी दिखे जिसे ‘स्टंप माइक’ में सुना जा सकता था और तभी इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने रिव्यू लिया।

पर टीवी अंपायर ने पंत के पक्ष में फैसला दिया क्योंकि स्विंग लेती फुल लेंथ गेंद भारतीय बल्लेबाज के पैड पर लगने से पहले बल्ले से टकराई थी।

वहीं राहुल दूसरे छोर पर शांत और संयमित होकर बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने अर्धशतक बनाने के बाद भी इसी आत्मविश्वास के साथ खेलना जारी रखा जिसके बाद पंत ने भी अपने आक्रामक तेवरों पर लगाम लगाई।

राहुल भी भाग्यशाली रहे। जोश टंग की गेंद उनके बल्ले से लगकर ऊपर की ओर गई लेकिन गली में खड़े हैरी ब्रुक ने इसे टपका दिया।

भारत ने पहली पारी 471 रन और इंग्लैंड ने 465 रन बनाए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी