विदेश की खबरें | पाकिस्तानी थलसेना प्रमुख जनरल बाजवा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के थलसेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने शनिवार को भविष्य के सैन्य अधिकारियों से लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने तथा ‘फर्जी खबरों’ और देश में राजनीतिक तकरार के कारण अपना ध्यान नहीं भटकने देने की अपील की।
इस्लामाबाद, आठ अक्टूबर पाकिस्तान के थलसेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने शनिवार को भविष्य के सैन्य अधिकारियों से लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने तथा ‘फर्जी खबरों’ और देश में राजनीतिक तकरार के कारण अपना ध्यान नहीं भटकने देने की अपील की।
प्रतिष्ठित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में एक ‘पासिंग आउट’ परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने कैडेट से कहा कि उन्हें (कैडेट को) ‘‘लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता तथा पाकिस्तान के संविधान की रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए।’’
जनरल बाजवा (61) नवंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं और काकुल स्थित प्रतिष्ठित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में उनका यह संभवत: अंतिम संबोधन था।
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ ने (सीओएएस) ने कैडेट को सलाह दी कि अच्छे सैनिक के रूप में उन्हें सदा ही अपनी जिम्मेदारी पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए और फर्जी खबरों तथा देश में राजनीतिक तकरार के कारण अपना ध्यान भटकने नहीं देना चाहिए।
कई मौकों पर लोकतंत्र की हिमायत कर चुके बाजवा ने कैडेट से कहा कि उन्हें देश की निर्वाचित संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘देश के खिलाफ रची जाने वाली सभी साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए उन्हें (कैडेट को) तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल नागरिकों के सहयोग से किसी देश या समूह को पाकिस्तान को राजनीतिक एवं आर्थिक रूप से अस्थिर नहीं करने देंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सेना विरोधी कई बयानों के मद्देनजर बाजवा ने यह टिप्पणी की।
जनरल बाजवा नवंबर 2016 में तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए थल सेना प्रमुख नियुक्त किये गये थे। पद पर उनका कार्यकाल 2019 में और तीन साल के लिए बढ़ा दिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)