देश की खबरें | राजस्थान, मप्र, छत्तीसगढ़ को लेकर 'अति आत्मविश्वास' हमें ले डूबा : कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख

गुवाहाटी, चार दिसंबर कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख भूपेन कुमार बोरा ने सोमवार को कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में पार्टी 'अति आत्मविश्वास' की वजह से हारी।

उन्होंने तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लड़ने के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि सभी जगह से भाजपा की हार के संकेत मिल रहे थे, लेकिन वे तब भी जीत के लिए प्रयासरत रहे।

यहां पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बोरा ने कहा, ''विधानसभा चुनावों के नतीजे हमारे लिए संकेत हैं कि हमें अति आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए।''

उन्होंने कहा कि इन राज्यों के कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत के दौरान उनसे इस बात की भनक तक नहीं लगी कि पार्टी विधानसभा चुनाव हार भी सकती है।

उन्होंने कहा, ''हमें इसका श्रेय भाजपा को देना होगा क्योंकि ऐसा कहा जा रहा था कि वे हार रहे हैं, लेकिन उन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी। लेकिन हमने (कांग्रेस) सोचा कि हम जीत चुके हैं।''

बोरा ने कहा, ''यह असम में हमारे लिए (अति आत्मविश्वासी नहीं होना) भी एक सबक है।''

कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव के नतीजों को लेकर निराश नहीं होने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का जबरदस्त तरीके से वापसी करने का इतिहास रहा है।

उन्होंने कहा, ''चुनाव में चाहे जीत हो या हार लेकिन हमारी विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)