देश की खबरें | कांग्रेस कार्य समिति के 39 सदस्यों में से सिर्फ तीन नेताओं की उम्र 50 साल के नीचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने उदयपुर के अपने ‘चिंतन शिविर’ और रायपुर के महाधिवेशन में भले ही संगठन के सभी स्तरों पर 50 प्रतिशत स्थान 50 साल से कम उम्र के नेताओं को देने (50 अंडर 50) के फार्मूले की बात की हो, लेकिन रविवार को घोषित कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में जिन 39 सदस्यों को शामिल किया गया, उनमें सिर्फ तीन नेता ही 50 वर्ष से कम उम्र के हैं।

नयी दिल्ली, 20 अगस्त कांग्रेस ने उदयपुर के अपने ‘चिंतन शिविर’ और रायपुर के महाधिवेशन में भले ही संगठन के सभी स्तरों पर 50 प्रतिशत स्थान 50 साल से कम उम्र के नेताओं को देने (50 अंडर 50) के फार्मूले की बात की हो, लेकिन रविवार को घोषित कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में जिन 39 सदस्यों को शामिल किया गया, उनमें सिर्फ तीन नेता ही 50 वर्ष से कम उम्र के हैं।

ये राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं विधायक कमलेश्वर पटेल हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पदभार संभालने के करीब 10 महीने बाद रविवार को नयी कार्य समिति का पुनर्गठन किया, जिसमें उनके साथ पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

कांग्रेस कार्य समिति में 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य (चार पदेन सदस्यों समेत) शामिल किए गए हैं।

कांग्रेस कार्य समिति में इस बार पार्टी शासित किसी राज्य के मुख्यमंत्री को शामिल नहीं किया गया है। पहले सामान्यत: कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में से वरिष्ठ नेताओं को कार्य समिति समिति में स्थान दिया जाता रहा है।

मौजूदा समय में कांग्रेस की चार राज्यों कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में सरकारें हैं। इनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की गिनती पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में होती है।

कांग्रेस ने इस साल फरवरी में रायपुर के महाधिवेशन में अपने संविधान में संशोधन किया था जिसके अनुसार, कार्य समिति के सदस्यों की संख्या को 23 से बढ़ाकर 35 कर दी गई थी। कांग्रेस के संविधान में यह प्रावधान भी है कि पार्टी अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष और पार्टी से संबंधित मौजूदा या पूर्व प्रधानमंत्री कार्यसमिति के स्वत: सदस्य होते हैं।

इस बार कार्य समिति के 39 सदस्यों में से सिर्फ तीन सदस्य 50 साल से कम उम्र के हैं। जहां पायलट 46 वर्ष के हैं, वहीं गौरव गोगोई 43 और कमलेश्वर पटेल 49 साल के हैं।

कार्य समिति में शामिल प्रमुख चेहरा राहुल गांधी 53 साल के हैं, तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 51 साल की हैं।

कांग्रेस ने अपनी नयी सीडब्ल्यूसी में हमेशा की तरह वरिष्ठ नेताओं को तरजीह दी है। सीडब्ल्यूसी में शामिल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की उम्र 90 साल है, तो वरिष्ठ नेता एके एंटनी 82, अंबिका सोनी 80 और मीरा कुमार 78 साल की हैं । पार्टी अध्यक्ष खरगे खुद 81 साल के हैं, जबकि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी 76 वर्ष की हैं।

कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्यों में मणिकम टैगोर (48), दीपेंद्र हुड्डा (45), मीनाक्षी नटराजन (50) और कन्हैया कुमार (36) साल के हैं।

विशेष आमंत्रित सदस्यों में महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर 49 साल, पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत 46, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की पुत्री परिनीति शिंदे 42, दिल्ली की पूर्व विधायक अलका लांबा 47, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. 41, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा 48 और एनएसयूआई के अध्यक्ष नीरज कुंदन 33 साल के हैं।

कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई के प्रभारी कन्हैया कुमार को कार्यसमिति में स्थान दिया गया है, लेकिन युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को कार्य समिति में जगह नहीं मिली है।

उदयपुर चिंतन शिविर और रायपुर अधिवेशन में संकल्प के बावजूद कार्य समिति में 50 फीसदी स्थान 50 साल से कम उम्र के नेताओं को नहीं मिलने पर कांग्रेस के एक युवा नेता ने कहा, ‘‘यह निश्चित तौर पर निराशाजनक है। वरिष्ठ नेताओं का पूरा सम्मान है, लेकिन अगले साल के लोकसभा चुनाव को देखते हुए कार्य समिति में युवाओं को और ज्यादा जगह मिलनी चाहिए थी।’’

इससे जुड़े सवाल पर कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेतृत्व ने नई कार्य समिति में अनुभवी और युवा नेताओं की हिस्सेदारी में संतुलन बनाने की कोशिश की है। कई ऐसे नेताओं को कार्य समिति में जगह दी गई है, जिनकी उम्र 50 से 55 के बीच है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि पार्टी नेतृत्व संगठन के अन्य स्तरों पर युवाओं को अधिक भागीदारी देगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 50th Match Prediction: अहम मुकाबले में श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखना चाहेगा पाकिस्तान, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती है बाजी

Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 50th Match Weather Update: पललेकेले में पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

Indian Railways: भारतीय रेलवे और सेना की बड़ी पहल, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को रिटायरमेंट के बाद रेलवे में मिलेंगे करियर के नए अवसर

Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 50th Match Preview: आज पाकिस्तान बनाम श्रीलंका के बीच खेला जाएगा अहम मुकाबला, मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, पिच रिपोर्ट, स्ट्रीमिंग समेत सभी डिटेल्स

\