देश की खबरें | सिक्किम में जैविक कृषि विश्वविद्यालय खुलेगा, मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रविवार को सोरेंग जिले के मोंडेगांव में सिक्किम जैविक कृषि विश्वविद्यालय (एसओएयू) की आधारशिला रखी।
गंगटोक, 13 अगस्त सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रविवार को सोरेंग जिले के मोंडेगांव में सिक्किम जैविक कृषि विश्वविद्यालय (एसओएयू) की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम ने खुद को देश के पहले जैविक राज्य के रूप में स्थापित किया है और एसओएयू जैविक खेती से संबंधित विषय की पढ़ाई के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र होगा।
तमांग ने कहा कि सिक्किम के सैकड़ों छात्र कृषि और बागवानी के अध्ययन के लिए अभी तक राज्य के बाहर जाते हैं। उन्होंने देहरादून में ही 500 से अधिक छात्रों से मुलाकात की थी, जो इन विषयों में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
तमांग ने बताया कि सिक्किम में जैविक कृषि विश्वविद्यालय शुरू हो जाने से छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द पढ़ाई शुरू कराने के लिए अस्थाई जगहें तलाशने के निर्देश दिए हैं।
सिक्किम विधानसभा ने इस साल की शुरुआत में सिक्किम जैविक कृषि विश्वविद्यालय अधिनियम, 2023 पारित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय के शुरू होने से मोंडेगांव क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
तमांग ने कहा, ‘‘एक साल के भीतर बुनियादी ढांचा विकसित होने के बाद यह विश्वविद्यालय आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)