देश की खबरें | विपक्ष निवेश आकर्षित करने में बंगाल सरकार का समर्थन करने को तैयार: केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार

कोलकाता, सात मार्च केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार को पूरा समर्थन देगा।

यहां एक निवेश रोड शो को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री मजूमदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के तहत पूर्व और पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में कोई भी निवेश अप्रत्यक्ष रूप से बंगाल को लाभ पहुंचाएगा, क्योंकि कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह व्यापार के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में काम करेंगे।

पूर्वोत्तर में निवेश आकर्षित करने के लिए कोलकाता में आयोजित रोड शो के दौरान मजूमदार ने कहा, ‘‘एक सांसद और एक मंत्री के रूप में, मैं चाहता हूं कि (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी निवेश आकर्षित करने के लिए अन्य राज्यों में रोड शो आयोजित करें। यदि आवश्यक हो, तो मैं निवेश प्राप्त करने के लिए ममता के साथ (रोड शो में) जाने के लिए भी तैयार हूं... यह राज्य की अर्थव्यवस्था और उसके लोगों के लिए अच्छा होगा।’’

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल राज्य सरकार की ओर से होनी चाहिए।

मजूमदार ने कहा, ‘‘यह राज्य सरकार पर निर्भर करता है कि वह दूसरों से सहयोग लेना चाहती है या नहीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)