देश की खबरें | नेहरू के खिलाफ टिप्पणी को लेकर विपक्षी दलों ने अमित शाह पर बोला हमला; भाजपा का पलटवार

नयी दिल्ली, छह दिसंबर विपक्षी दलों ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर बुधवार को उन पर हमला बोला।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी को भी उन लोगों का अपमान करने का अधिकार नहीं है जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी और स्वतंत्रता संग्राम के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया।

हालांकि, भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि शाह ने लोकसभा में नेहरू के बारे में जो कुछ भी कहा वह सही है और इतिहास को बताना होगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल के दौरान हुए दो ‘बड़े ब्लंडर’ (गलतियों) का खामियाजा जम्मू-कश्मीर को वर्षों तक भुगतना पड़ा।

जम्मू कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023 और जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2023 पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए उनका कहना था कि नेहरू की ये दो गलतियां 1947 में आजादी के कुछ समय बाद पाकिस्तान के साथ युद्ध के समय संघर्ष विराम करना और जम्मू-कश्मीर के मामले को संयुक्त राष्ट्र ले जाने की थी।

शाह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज लोकसभा में गृह मंत्री ने 1947 और 1948 में जम्मू-कश्मीर में नेहरू की भूमिका पर जानबूझकर उत्तेजक और स्पष्ट रूप से गलत बयान दिए।’’

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नेहरू के खिलाफ शाह की टिप्पणी को ‘बिल्कुल गलत’ बताया । उन्होंने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में कहा कि गलत दृष्टिकोण के साथ सरकार के किसी भी फैसले में गलती ढूंढ़ी जा सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)