देश की खबरें | शारजाह के लिए रवाना हुए विमान में आने लगी प्याज की दुर्गंध, वापस कोच्चि लौटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोच्चि से 175 यात्रियों को लेकर शारजाह रवाना हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में तेज बदबू और जलने की गंध आने की वजह से उसे वापस लौटना पड़ा। इस दुर्गंध की वजह विमान के कार्गो (माल) क्षेत्र में रखे प्याज के एक डिब्बे को माना जा रहा है।

कोच्चि, तीन अगस्त केरल के कोच्चि से 175 यात्रियों को लेकर शारजाह रवाना हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में तेज बदबू और जलने की गंध आने की वजह से उसे वापस लौटना पड़ा। इस दुर्गंध की वजह विमान के कार्गो (माल) क्षेत्र में रखे प्याज के एक डिब्बे को माना जा रहा है।

एअरलाइन के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि दो अगस्त को यहां से शारजाह के लिए रवाना हुई एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX 411) में सवार एक यात्री ने विमान के अंदर कुछ ‘जलने’ की दुर्गंध आने की शिकायत की।

बाद में, कुछ और यात्रियों ने भी कहा कि विमान में ‘तीक्ष्ण गंध’ आ रही है, जिसके बाद विमान को एहतियात के तौर पर वापस यहां कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीआईएएल) पर उतारना पड़ा।

एअरलाइन के एक सूत्र ने बताया कि इंजीनियरिंग टीम ने विमान का निरीक्षण किया और शुरुआती निष्कर्षों में धुएं या तकनीकी समस्याओं का कोई सबूत नहीं मिला।

सूत्र ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हो सकता है कि विमान में ले जाए जा रहे प्याज या सब्जियों से बदबू आ रही हो।"

सूत्र ने बताया कि चूंकि किसी ने विमान के अंदर दुर्गंध की सूचना दी थी, इसलिए एहतियात के तौर पर विमान को वापस लाने का फैसला लिया गया।

विमान में सवार कांग्रेस के विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने कहा कि यात्रियों के बीच गहमागहमी और असमंजस का माहौल था, लेकिन विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।

निजी यात्रा पर शारजाह जा रहे विधायक ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘सच कहूं तो मैं विमान में सवार होते ही सो गया था। हालांकि, जब मैं घोषणा होने पर उठा, तो लोगों के बीच गहमागहमी व असमंजस की स्थिति थी। जब कैप्टन ने घोषणा की कि हम वापस लौट रहे हैं, तो हर कोई चिंतित हो गया और थोड़ा घबरा गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\