जरुरी जानकारी | ओएनजीसी ने केजी बेसिन के यू1बी गहरे पानी के कुएं से पहली गैस निकासी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने बंगाल की खाड़ी में कृष्णा गोदावरी ब्लॉक केजी-डी5 के गहरे पानी के यू1बी कुएं से पहली गैस निकाली है।
नयी दिल्ली, एक सितंबर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने बंगाल की खाड़ी में कृष्णा गोदावरी ब्लॉक केजी-डी5 के गहरे पानी के यू1बी कुएं से पहली गैस निकाली है।
कंपनी ने बुधवार को कहा कि इस कुएं केजी-डीडब्ल्यूएन 98/2 ब्लॉक क्लस्टर-2 का अनुमानित अधिकतम उत्पादन 12 लाख घनमीटर गैस प्रतिदिन का है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस सचिव तरुण कपूर ने 31 अगस्त को गहरे पानी के कुएं यू1बी से पहली गैस उत्पादन की शुरुआत की।
ओएनजीसी का केजी- डी5 ब्लॉक केजी बेसिन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के केजी-डी6 ब्लॉक के पास है। इस ब्लॉक में कंपनी ने कई खोजें की हैं जिन्हें एक क्लस्टर के रूप में जोड़ा गया है।
इन खोजों को तीन ब्लॉकों... क्लस्टर 1, 2 और 3 में बांटा गया है। क्लस्टर 2 से सबसे पहले उत्पादन शुरू किया गया है।
क्लस्टर 2 क्षेत्र को दो ब्लॉक 2ए और 2बी में बांटा गया है। इनसे 2.35 करोड़ टन कच्चे तेल और 50.70 अरब घनमीटर गैस के उत्पादन का अनुमान है। यहां से कच्चे तेल का उत्पादन भी जल्द शुरू होगा। कंपनी ब्लॉक में तेल एवं गैस खोजों के विकास के लिए 5.07 अरब डॉलर का निवेश कर रही है। इससे कुल मिलाकर 2.5 करोड़ टन कच्चे तेल और 45 अरब घनमीटर गैस का उत्पादन होगा। अधिकतम तेल उत्पादन 78,000 बैरल प्रतिदिन का रहेगा। वहीं गैस का अधिकतम उत्पादन 1.5 करोड़ घनमीटर प्रतिदिन का रहेगा।
कपूर ने यह गैस राष्ट्र को समर्पित करते हुए ओएनजीसी के चेयरमैन सुभाष कुमार की अगुवाई वाली टीम को बधाई दी।
अजय
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)