ताजा खबरें | सेना के जवानों के लिए ‘वन रैंक, वन पेंशन’ तब लागू हुई, जब मोदी आया : प्रधानमंत्री

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि काम लटकाने और हक मारने में तो कांग्रेस को महारत हासिल है और इन्होंने हमारी सेना के वीर जवानों को ‘वन रैंक, वन पेंशन’ तक नहीं मिलने दिया।

गाजीपुर (उप्र), 25 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि काम लटकाने और हक मारने में तो कांग्रेस को महारत हासिल है और इन्होंने हमारी सेना के वीर जवानों को ‘वन रैंक, वन पेंशन’ तक नहीं मिलने दिया।

उन्होंने कहा कि सेना के जवानों के लिए ‘वन रैंक, वन पेंशन’ तब लागू हुई, जब मोदी आया।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को गाजीपुर में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

गाजीपुर को सैनिकों की धरती बताते हुए मोदी ने कहा, ‘‘गाजीपुर की धरती पराक्रम और शौर्य की गाथाएं बताती है। गाजीपुर की परंपरा और यहां का गमहर गांव... ये नाम ही काफी है, जहां हर घर से जांबाज निकलते हों... ये गौरव गाजीपुर के अलावा किसी को मिला है क्या... पूरा देश इस मिट्टी का ऋणी है।’’

सैनिको की धरती गाजीपुर में ‘वन रैंक, वन पेंशन’ को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘काम लटकाने और हक मारने में तो कांग्रेस को महारत हासिल है। इन्होंने हमारी सेना के वीर जवानों को ‘वन रैंक, वन पेंशन’ तक नही मिलने दी। 'वन रैंक, वन पेंशन' तब लागू हुई जब मोदी आया। कांग्रेस ने हमारी सेना के जवानों के साथ उनकी तपस्या का कैसे मखौल उड़ाया था, उनकी आंखों में कैसे धूल झोंकी थी, उनको मूर्ख बनाने का भरपूर प्रयास किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब 2013 में भारतीय जनता पार्टी ने मुझे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित किया, उसके बाद मेरी पहली रैली हरियाणा के रेवाड़ी में हुई और वहां मैने कहा था कि मैं ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू करूंगा। कांग्रेस वाले घबरा गए कि मोदी ने घोषणा कर दी, अब क्या करें? उन्होंने आनन-फानन में हर एक की आंख में धूल झोंक कर बजट में 500 करोड़ रुपया डाल दिया और लिख दिया ‘वन रैंक, वन पेंशन’ करेंगे। फिर देश भर में पूर्व सैनिकों के सम्मेलन किये, जहां कांग्रेस के ‘शाहजादे’ ने ‘वन रैंक, वन पेंशन’ का राग अलापा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब आपने मुझे प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया और मैंने पहले ही इस काम को लिया तो मैं यह देखकर चौंक गया कि इन्होंने कैसे सेना के साथ गद्दारी की थी। उन्होंने (कांग्रेस) 500 करोड़ रुपया लिखकर के ‘वन रैंक, वन पेंशन’ का दिखावा किया। मैने कहा कि मैं तो ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू करना चाहता हूं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘आप जानकर हैरान हो जायेंगे कि 'वन रैंक, वन पेंशन' लागू करने में अब तक सवा लाख करोड़ रूपये पूर्व सैनिकों के खाते में जमा करा दिये गये हैं। अब कोई मुझे बताए कि सवा लाख करोड़ रुपये की जरूरत और उसके सामने पांच सौ करोड़ रुपये का नाटक। यह धोखा है या नहीं? यह बेईमानी और पूर्व सैनिकों का अपमान है।’’

विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘गाजीपुर हो, उप्र हो, या पूरा देश हो, परिवारवादी पार्टियों के नेता अपने परिवार के लिए ‘महल पे महल’ बनाते चले गए लेकिन गांव-गरीब, किसान-मजदूर, दलित-वंचित...वो जीवन की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए जूझते रहे।’’

अपनी सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने जो काम किए, उससे गरीब का जीवन बदला। सिर्फ 10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं... ये इसलिए हुआ कि आपके वोट ने मोदी को मजबूत किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने चार करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास दिए। हमने 50 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खुलवाए। हमने हर गांव तक बिजली पहुंचाई, हम हर घर जल पहुंचा रहे हैं। आज किसी गरीब को इलाज के लिए अपनी जमीन नहीं बेचनी पड़ती है, क्योंकि आज उसके पास आयुष्मान कार्ड है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मेरी माताओं को बीमारी सहनी है तो इस बेटे का दिल्ली में बैठने का क्या मतलब है। इसलिए आपके इस बेटे ने तय किया कि अब गरीब की बीमारी में इलाज की जिम्मेदारी मोदी उठाएगा। आज आयुष्मान योजना करोड़ों परिवारों को मुसीबत में सहायता देता है।’’

विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘सपा के ‘शहजादे’ ने कभी कहा था कि माफिया की ‘इंट्री’ पर रोक लगाएंगे...और फिर वह माफिया के ही चरणों में जाकर बैठ गए। सपा ने माफियाओं को पाला पोसा और उन्हें टिकट दिया।’’

गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने इस बार माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी को टिकट दिया है।

मोदी ने दावा किया, ‘‘सपा के दौर में प्रदेश में ये हाल था कि माफिया लालबत्ती में घूमते थे, खुली जीप में कानून को चेतावनी देते थे। विरोधियों को खुलेआम गोलियों से भून दिया जाता था। दंगों को उप्र की पहचान बना दिया गया था। सपा की सरकार में हर महीने 2-3 दंगे होते थे। इसका नुकसान गरीबों को होता था। अब योगी सरकार में दंगे भी बंद हैं और दंगाई भी बंद हैं।’’

गाजीपुर लोकसभा सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य चुनावी मुकाबला समाजवादी पार्टी के अफजाल अंसारी और भाजपा के पारसनाथ राय के बीच है।

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में एक जून को गाजीपुर लोकसभा सीट पर मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Stats And Preview: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स मुकाबले के बीच आज होगा रोमांचक मुकाबला, आज के मैच में बन सकते हैं ये अनोखे रिकॉर्ड

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Toss Winner Prediction: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

Uttarakhand Announces ‘No Vehicle Day’: उत्तराखंड में ‘नो व्हीकल डे’ का ऐलान, सीएम काफिले में 50 फीसदी कटौती और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा

RCB vs KKR, IPL 2026 57th Match Key Players To Watch Out: आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें