देश की खबरें | यमुना उफान पर, दिल्ली के मंत्रियों ने लिया राहत उपायों का जायजा

नयी दिल्ली, 12 जुलाई दिल्ली सरकार के मंत्रियों - आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने यमुना नदी का जलस्तर 207.83 मीटर पर पहुंचने के मद्देनजर राहत उपायों का जायजा लिया। इससे पहले यमुना नदी में 45 साल पूर्व जलस्तर 207.49 मीटर पर पहुंच गया था।

राहत एवं बचाव अभियानों की तैयारी का आकलन करने के लिए राजस्व मंत्री आतिशी ने मयूर विहार और मिलेनियम डिपो में बाढ़ राहत शिविरों का दौरा किया तथा प्रभावित लोगों से बातचीत की।

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यहां सिविल लाइंस इलाके में यमुना के विभिन्न हिस्सों का जायजा मोटरबोट से लिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी आपात स्थिति के लिए निरंतर चौकस रहने का निर्देश दिया।

हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है क्योंकि पानी नदी के आसपास के घरों एवं बाजारों में घुस गया है जिससे उन्हें बहुत कठिनाई हो रही थी।

आतिशी ने कहा, ‘‘बाढ़ प्राकृतिक आपदा है लेकिन बतौर सरकार प्रभावित लोगों की सहायता करना और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इस संबंध में हमने खादर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत शिविर लगाये हैं।’’

उन्होंने कहा कि इन शिविरों में रहने, खाने-पीने और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के छह जिलों में करीब 2500 शिविर लगाये गये हैं।

राजस्व मंत्री ने बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों से भी बातचीत की। उन्होंने प्रशासन को स्थानीय सरकारी स्कूलों से तालमेल कर राहत शिविरों के बच्चों की पढाई-लिखाई सुनिश्चित करने को कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)