देश की खबरें | ‘‘अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों के कोविड नमूनों में ओमीक्रोन का उप स्वरूप बीएफ.7 मिला, टीके प्रभावी’’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों के कोविड संक्रमित 200 नमूनों में से कई में ओमीक्रोन का उप स्वरूप बीएफ.7 पाया गया है और इस बीमारी से निपटने के लिए भारत में इस्तेमाल किए जा रहे टीके इसके खिलाफ प्रभावी हैं।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों के कोविड संक्रमित 200 नमूनों में से कई में ओमीक्रोन का उप स्वरूप बीएफ.7 पाया गया है और इस बीमारी से निपटने के लिए भारत में इस्तेमाल किए जा रहे टीके इसके खिलाफ प्रभावी हैं।
मांडविया ने एक किताब के विमोचन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के इतर कहा कि अब तक 15 लाख से अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रियों की जांच की जा चुकी है और इनमें से 200 को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है।
मंत्री ने बुधवार को यहां कंस्टीट्यूशन क्लब में आशीष चांदोरकर और सूरज सुधीर द्वारा लिखित ‘‘ब्रेविंग ए वायरल स्टॉर्म’’ नामक पुस्तक का विमोचन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘200 नमूनों के जीनोम अनुक्रमण से पता चला है कि कई यात्रियों में बीएफ.7 मौजूद था। हमारे टीके इस उप स्वरूप के खिलाफ प्रभावी हैं।’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नौ जनवरी को कहा था कि 29 दिसंबर, 2022 और सात जनवरी, 2023 के बीच समुदाय से लिए गए 324 कोविड पॉजिटिव नमूनों की ‘सेंटिनल सीक्वेंसिंग’ से पता चला है कि इनमें सभी में ओमीक्रोन स्वरूपों की मौजूदगी मिली जिनमें बीए.2 और इसके उप-वंश 2.75, एक्सबीबी (37), बीक्यू.1 और बीक्यू.1.1 (5) तथा अन्य शामिल हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि जिन क्षेत्रों में इन स्वरूपों का पता चला है, वहां मृत्यु दर या संक्रमण के मामलों में वृद्धि की सूचना नहीं है।
इसके अलावा, एक्सबीबी (11), बीक्यू.1.1 (12) और बीएफ7.4.1 (1) पचास अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के पॉजिटिव नमूनों में पाए गए मुख्य स्वरूप थे, जिनके नमूनों का अब तक जीनोम अनुक्रमण किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)