देश की खबरें | उमर ने अपनी सरकार के पहले बजट को जम्मू कश्मीर के मजबूत भविष्य के लिए बुनियाद बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बजट को जम्मू-कश्मीर के मजबूत भविष्य की नींव बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार ने कभी नहीं कहा कि वह पहले बजट में ही सभी लक्ष्य पूरे कर लेगी।
जम्मू, 11 मार्च मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बजट को जम्मू-कश्मीर के मजबूत भविष्य की नींव बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार ने कभी नहीं कहा कि वह पहले बजट में ही सभी लक्ष्य पूरे कर लेगी।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में यह भी कहा कि बजट जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के लिए एक ‘प्रेम पत्र’ है।
अपनी सरकार के बजट के निराशावादी होने के आरोप को खारिज करते हुए उन्होंने कहा,‘‘अगर मैं सच में निराशावादी होता, तो मैं कहता कि घाव इतने गहरे हैं कि मौत ही एकमात्र समाधान है या कोई मरहम उपलब्ध नहीं है। लेकिन इसके बजाय, मैंने घावों को स्वीकार किया और कहा कि जहां ज़रूरत होगी, वहां हम मरहम लगायेंगे।’’
विपक्ष की इस टिप्पणी का जिक्र करते हुए कि उनके भाषणों को ‘प्रेम पत्र’ कहा जा रहा है, अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘जब भी मैं बोलता हूं, वे इसे प्रेम पत्र कहते हैं। ठीक है, मैं क्या कर सकता हूं? अगर मेरे बजट भाषण को भी प्रेम पत्र कहा जा रहा है, तो ऐसा ही हो।’’
उन्होंने कहा,‘‘हां, यह भाजपा के लिए एक प्रेम पत्र है। यह कांग्रेस के लिए एक प्रेम पत्र है। यह नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी, पीपुल्स कांफ्रेंस, माकपा और निर्दलीय विधायकों के लिए एक प्रेम पत्र है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए एक प्रेम पत्र है।’’
अपनी भावना को सही ठहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप प्रेम पत्र क्यों लिखते हैं? इसका मतलब प्यार जताना होता है। और हां, मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों से बेहद प्यार करता हूं। मैं उनकी भलाई में योगदान देने की पूरी कोशिश करता हूं।’’
उन्होंने जम्मू-कश्मीर का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपना आभार दोहराया। उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मुझे उन लोगों का धन्यवाद क्यों नहीं करना चाहिए जो हमारा समर्थन करते हैं। मैं समर्थन के लिए प्रधानमंत्री को अपना धन्यवाद दोहराता हूं।’’
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि यह (केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद) लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई सरकार द्वारा तैयार पहला बजट है तथा संसद के बजाय विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा पारित पहला बजट होगा।
अब्दुल्ला ने माना कि जम्मू-कश्मीर का बजट केंद्रीय बजट पर बोझ है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह पूरी तरह से केंद्र पर निर्भर नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)