खेल की खबरें | ओकीफी ने मर्फी के चयन को सही ठहराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर स्टीव ओकीफी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में स्पिनर टॉड मर्फी को पदार्पण का मौका देने के टीम प्रबंधन के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि उपमहाद्वीप की पिचों पर 22 साल के इस स्पिनर की गेंदबाजी उपयोगी साबित होगी।
मेलबर्न, नौ फरवरी ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर स्टीव ओकीफी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में स्पिनर टॉड मर्फी को पदार्पण का मौका देने के टीम प्रबंधन के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि उपमहाद्वीप की पिचों पर 22 साल के इस स्पिनर की गेंदबाजी उपयोगी साबित होगी।
मर्फी को गुरुवार को नागपुर में साथी स्पिनर नाथन लियोन ने बैगी ग्रीन सौंपी। वह किसी भी प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे हैं। हालांकि एश्टन एगर और लेग स्पिनर मिशेल स्वेपसन पर उन्हें तरजीह दिया जाना थोड़ा हैरानी भरा रहा।
एगर ने पांच टेस्ट खेले हैं लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय में नियमित रूप से टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। स्वेपसन ने चार टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने के अलावा सीमित ओवरों के 11 मैच भी खेले हैं।
मर्फी ने सिर्फ सात प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं लेकिन शेफील्ड शील्ड में उन्होंने प्रभावित किया।
ओकीफी ने ‘एसईएन रेडियो’ से कहा, ‘‘वह (मर्फी) बेहद, बेहद विशेष है। नाथन लियोन के बाद से मैं किसी ऑफ स्पिनर को लेकर इतना अधिक रोमांचित नहीं हुआ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह गेंद को अधिक स्पिन कराता है और उसकी गेंद ऊंचाई से नीचे गिरती है। इसके अलावा उसके तरकश में और भी तीर हैं, वह स्क्वायर सीम गेंदबाजी भी कर सकता है जो वहां महत्वपूर्ण हो सकती है। अपने छोटे से क्रिकेट सफर के दौरान टॉड मर्फी ने खेल के विभिन्न हिस्सों में इन कौशल का इस्तेमाल किया है और फायदा उठाया है।’’
ऑस्ट्रेलिया के लिए नौ टेस्ट में 35 विकेट चटकाने वाले ओकीफी ने कहा कि पारंपरिक ऑफ स्पिन के अलावा मर्फी के पास कुछ और विविधताएं हैं जो भविष्य में उन्हें लियोन का उत्तराधिकारी बना सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)