देश की खबरें | ओडिशा सतर्कता विभाग ने वन अधिकारी और उसके परिवार के सदस्यों के 115 भूखंडों का पता लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सतर्कता विभाग ने एक संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) और उसके परिवार के सदस्यों के 115 भूखंडों और एक चार मंजिला इमारत जैसी अचल संपत्तियों का पता लगाया है।
भुवनेश्वर, 20 जुलाई ओडिशा सतर्कता विभाग ने एक संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) और उसके परिवार के सदस्यों के 115 भूखंडों और एक चार मंजिला इमारत जैसी अचल संपत्तियों का पता लगाया है।
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने एक बयान में कहा कि आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में रविवार सुबह केंदु लीफ संभाग, क्योंझर के डीएफओ के कार्यालय और संपत्तियों पर एक साथ छापे मारे गए।
इसमें कहा गया है कि विशेष न्यायाधीश (सतर्कता), क्योंझर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर तीन पुलिस उपाधीक्षकों, 10 निरीक्षकों और अन्य सहायक कर्मचारियों द्वारा अंगुल, क्योंझर और नयागढ़ जिलों में सात स्थानों पर छापे मारे गए।
बयान में कहा गया है कि तलाशी अभियान के दौरान, सतर्कता अधिकारियों को ओडिशा वन सेवा (ओएफएस) के अधिकारी और उसके परिवार के सदस्यों के 115 भूखंड के बारे में पता चला है।
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने कहा, ‘‘115 भूखंडों में से 53 वन अधिकारी के नाम पर, 42 उनकी पत्नी के नाम पर, 16 उनके दो बेटों के नाम पर और चार उनकी बेटी के नाम पर हैं।’’
इसी तरह, अंगुल जिले में एक चार मंजिला इमारत का भी विभाग ने पता लगाया है। इमारत और भूखंडों की माप और मूल्यांकन का आकलन किया जा रहा है।
इसके अलावा, डीएफओ के पास से 1.19 लाख रुपये नकद, तीन चार पहिया वाहन और चार दोपहिया वाहन भी बरामद हुए।
एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी जारी है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ओडिशा सतर्कता विभाग द्वारा अब तक किसी सरकारी कर्मचारी के पास से बरामद भूखंडों की यह सबसे बड़ी संख्या है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)