देश की खबरें | ओडिशा: महाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच केतकी के फूल 1,000 रुपये तक बिके

भुवनेश्वर/बरहमपुर, 26 फरवरी महाशिवरात्रि के मौके पर ओडिशा के मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके कारण केतकी के फूलों की मांग बढ़ गई है।

पुरी स्थित श्री लोकनाथ मंदिर के पास कांटेदार फूल केतकी 600 से 1,000 रुपये तथा भुवनेश्वर के श्री लिंगराज मंदिर के पास यह 600 से 800 रुपये में बेचे जा रहे थे।

महाशिवरात्रि के मौके पर केतकी के फूलों की मांग इसलिए बढ़ जाती है क्योंकि इस दिन इन फूलों को भगवान महादेव को अर्पित किया जाता है।

केतकी ‘केवड़ा’ की एक किस्म है और इसका वानस्पतिक नाम पांडनस फैसिक्युलैरिस है। यह फूल केवल इसी मौसम में खिलता है।

गंजाम जिले के गोलांथरा के सुशांत कुमार नायक ने बताया कि गंजाम जिले के छह तटीय खंडों में केवड़ा बहुतायत में उगाया जाता है, लेकिन इस क्षेत्र में केतकी फूल बहुत कम पाया जाता है।

तुलु में केतकी फूल बेचने वाले बी. सिमाद्री ने कहा, ‘‘अधिक मांग और कम उपलब्धता के कारण इन फूलों का दाम अधिक है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)