देश की खबरें | ओडिशा सरकार ने गर्भवती कर्मचारी को छुट्टी देने से मना करने पर सीडीपीओ को पद से हटाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने एक गर्भवती कर्मचारी को छुट्टी देने से मना करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मामले से संबद्ध बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को बुधवार को पद से हटा दिया।
भुवनेश्वर, 30 अक्टूबर ओडिशा सरकार ने एक गर्भवती कर्मचारी को छुट्टी देने से मना करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मामले से संबद्ध बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को बुधवार को पद से हटा दिया।
सीडीपीओ पर आरोप है कि महिला कर्मचारी को छुट्टी नहीं मिलने के कारण उसके अजन्मे बच्चे की जान चली गई।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिदा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रपाड़ा जिले के डेराबिश ब्लॉक की सीडीपीओ स्नेहलता साहू को महिला एवं बाल विकास विभाग की 26 वर्षीय क्लर्क वर्षा प्रियदर्शिनी द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए पद से हटा दिया गया है।
सात माह की गर्भवती वर्षा ने मंगलवार को संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया था कि 25 अक्टूबर को कार्यालय में प्रसव पीड़ा होने के बावजूद छुट्टी न मिलने के कारण गर्भ में ही उनके बच्चे की मौत हो गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीपीओ साहू और अन्य अधिकारियों ने अस्पताल जाने देने के उनके अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया। वर्षा ने यह भी दावा किया कि साहू ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
बाद में, वर्षा के रिश्तेदार उसे केंद्रपाड़ा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां अल्ट्रासाउंड जांच में पता चला कि उनके अजन्मे बच्चे की मौत हो चुकी है।
वर्षा ने साहू पर ‘‘मानसिक उत्पीड़न और घोर लापरवाही’’ का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के समक्ष एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें साहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रभार संभाल रहीं परिदा ने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी को मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।
केंद्रपाड़ा जिला प्रशासन ने पहले ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को मामले की जांच कर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
सीडीपीओ ने दावा किया कि वह वर्षा की प्रसव पीड़ा से अवगत नहीं थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)