देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा उपचुनाव : शाम पांच बजे तक 68.40 प्रतिशत मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के पुरी जिले की पिपली विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को उपचुनाव के लिए मतदान अभी तक शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और शाम पांच बजे तक 68.40 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

पिपली (ओडिशा), 30 सितंबर ओडिशा के पुरी जिले की पिपली विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को उपचुनाव के लिए मतदान अभी तक शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और शाम पांच बजे तक 68.40 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. के. लोहानी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मतदान अभी तक पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है। लोग कोविड-19 संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मतदान कर रहे हैं। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कर्मी मौजूद हैं।’’

उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले 348 मतदान केंद्रों पर मतदान का अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में तकनीकी खामियों के कारण कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान देर से शुरू हुआ।

मतदान केंद्रों के बाहर लोगों को कतारों में खड़े हुए देखा गया। मतदान के लिए कतारों में खड़े होने वाले लोगों में ज्यादातर महिलाएं दिखीं। कोविड-19 महामारी की वजह से सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए लोगों के खड़े होने के वास्ते जमीन पर चिह्न बनाए गए हैं। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

प्रशासन ने पिपली में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 2,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। इस सीट पर चुनाव के दौरान हिंसा होने का इतिहास रहा है।

क्षेत्र में 201 संवदेनशील मतदान केंद्रों में से 175 में मतदान को वेबकास्ट किया जा रहा है, जबकि 12 केंद्रों पर वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गयी है। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए 23 पर्यवेक्षकों को भी नियुक्त किया गया है।

इस विधानसभा क्षेत्र में करीब 2.30 लाख मतदाता हैं। सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार रुद्रप्रताप महारथी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आश्रित पटनायक और कांग्रेस उम्मीदवार बिश्वकेशन हरिचंदन महापात्र सहित 10 उम्मीदवार चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

बीजद विधायक प्रदीप महारथी का पिछले साल अक्टूबर में निधन होने के बाद यह सीट खाली हो गई थी, इसलिए इस पर उपचुनाव कराया जा रहा है। मतगणना तीन अक्टूबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now