जरुरी जानकारी | ओडीशा का खेल उद्योग का बड़ केन्द्र बनने का लक्ष्य: मंत्री

भुवनेश्वर, 25 अगस्त ओडीशा सरकार राज्य को खेलकूद सामानों के उद्योग का बड़ा केन्द्र बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। राज्य सरकार ने खेल क्षेत्र में काम करने वाले कंपनियों को अपने विनिर्माण कारखाने लगाने के लिये आमंत्रित किया है। राज्य के मंत्री ने यह जानकारी दी।

ओडीशा के एमएसएमई मंत्री डी एस मिश्रा ने कहा कि तटीय राज्य निवेशकों के लिये आकर्षक केन्द्र बनता जा रहा है।

एसोचैम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मिश्रा ने कहा, ‘‘आने वाले समय में राज्य सरकार खेल क्षेत्र के लिये ऐसा उपयुक्त पारिस्थितिकी तंत्र उपलब्ध करायेगी जिससे कि यह उद्योग न केवल भारतीय जरूरतों को बल्कि वैश्विक मांग को भी पूरा करेगा।’’

उन्होंने कहा कि ओडिशा में उत्पादन लागत प्रति इकाई देश में सबसे सस्ती है। राज्य सरकार उद्योगों को सभी तरह की सुविधायें और सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है।

राज्य के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य की नवीन पटनायक सरकार ने घोषणा की है कि वह हाकी को अगले दस साल तक समर्थन देती रहेगी। राज्य सरकार पुरुष और महिला हाकी टीम को 2018 से प्रायोजित करती आ रही है।

उद्योग सचित हेमंत शर्मा ने कहा, वैश्विक मूल्य श्रृंखला के लिहाज से राज्य व्यवसाय के लिये एक अति महत्वपूर्ण स्थल के तौर पर उभर रहा है। ओडीशा को परंपरागत तौर पर खनिज समृद्ध राज्य के तौर पर जाना जाता है और खनिज क्षेत्र से ही राज्य में औद्योगीकरण का विस्तार हुआ है। खासतौर से पिछले दो दशक से इसमें तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि राज्य की 480 कीलोमीटर लंबी तटीय सीमा और कई बंदरगाह भी उसे उद्योगों के लिये आकर्षक बनाते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)