देश की खबरें | भारत में कोरोना वायरस के नए स्वरूप से संक्रमित मरीजों की संख्या 73 पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए स्वरूप (सार्स-सीओवी-2) के नए स्वरूप से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या भारत में बढ़कर 73 हो गई है।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, छह जनवरी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए स्वरूप (सार्स-सीओवी-2) के नए स्वरूप से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या भारत में बढ़कर 73 हो गई है।

इन मरीजों में मंत्रालय द्वारा मंगलवार को उल्लेखित 58 संक्रमित शामिल हैं।

मंत्रालय ने बताया, ''ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए स्वरूप से संक्रमित मरीजों की संख्या अब 73 हो गई है।''

मंत्रालय ने मंगलवार को कहा था कि इन सभी लोगों को संबंधित राज्य सरकारों ने स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों में पृथक-वास में रखा हुआ है।

मंत्रालय ने कहा कि उनके करीबी संपर्क में आए लोगों को भी पृथक-वास में रखा गया है। उनके संपर्कों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है जिसमें उनके सह-यात्रियों, परिवार और अन्य का पता लगाया जा रहा है। वहीं, अन्य नमूनों की भी जीनोम सीक्वेन्सिंग की जा रही है।

मंत्रालय ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और निगरानी बढ़ाने, नियंत्रण, जांच तथा नमूनों को आईएनएसएसीओजी प्रयोगशालाओ में भेजने के लिए राज्यों को नियमित तौर पर सलाह दी जा रही है।

ब्रिटेन में मिला कोरोना वायरस का नया स्वरूप डेनमार्क, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्वीडन, फ्रांस, स्पेन, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, कनाडा, जापान, लेबनान और सिंगापुर सहित कई देशों में पहुंच चुका है।

मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार ने ब्रिटेन में वायरस के नए स्वरूप का संज्ञान लिया है और इसका पता लगाने और इसे नियंत्रित करने के लिए अतिसक्रिय और निवारक रणनीति बनाई है।

इस रणनीति के तहत 23 दिसंबर की मध्य रात्रि से लेकर सात जनवरी तक ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक और ब्रिटेन से लौटने वाले सभी यात्रियों की आरटी-पीसीआर पद्धति से जांच करना शामिल है।

अगर ब्रिटेन से लौटा शख्स आरटी-पीसीआर जांच में संक्रमित पाया जाता है तो उसके नमूने की जीनोम सीक्वेन्सिंग होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\