नयी दिल्ली, चार अगस्त राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) ने हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा पर जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मुस्लिम बहुल इलाके नूंह में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की यात्रा पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद हुई हिंसा में होमगार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। नूंह से भड़की हिंसा गुरुग्राम और उसके आसपास के इलाकों में भी हिंसा फैल गई थी।
आयोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि एनसीएम ने हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को दो समुदायों के बीच हिंसा पर आ रही मीडिया खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है।
एनसीएम ने कहा, ''इस बाबत पत्र दिनांक 31.07.2023 को हरियाणा के नूंह के एसपी और डीएम को 21.08.2023 तक एक विस्तृत रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है।''
एनसीएम की ओर से शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील भी जारी की गई है।
एनसीएम ने कहा कि आयोग सभी समुदायों से आग्रह करता है वे गलत इरादों वाले व्यक्तियों के शरारती और प्रेरित संदेशों का शिकार न हों और सभी परिस्थितियों में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखें, जो समय की जरूरत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY