जाएं नहीं, कामकाज शुरू कर रही औद्योगिक इकाइयों में काम करें : खट्टर ने प्रवासी कामगारों से कहा
लेकिन, उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई घर लौटना चाहता है तो राज्य सरकार उसका पूरा इंतजाम करेगी।
चंडीगढ़, दो मई हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में काम करने वाले प्रवासी कामगारों से शनिवार को अपील की कि वे घर ना लौटें और केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरुप लॉकडाउन में कामकाज शुरू कर रही औद्योगिक इकाइयों में काम करें।
लेकिन, उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई घर लौटना चाहता है तो राज्य सरकार उसका पूरा इंतजाम करेगी।
टीवी पर प्रसारित संबोधन में खट्टर ने हरियाणा के लोगों से कहा कि केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरुप उद्योगों को लॉकडाउन में अपना काम शुरू करने की छूट दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘आप संभवत: साल-दो साल से अपने घर नहीं गए हों, आपको घर की बहुत याद आ रही हो या फिर परिवार आप पर वापस लौटने का दबाव बना रहा हो। इस संकट काल में, हम आपके ऊपर कोई मुसीबत नहीं आने देंगे और सुनिश्चित करेंगे कि जब आप काम शुरू कर रही इकाइयों में नौकरी करने लगें तो आपका रोजगार सुरक्षित रहे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों सहित कोई भी व्यक्ति जो राज्य में आया था और यहां फंस गया, अब वापस जाना चाहता है, हम इन लोगों की जानकारी जुटाएंगे और जरुरी इंतजाम करेंगे। हम दूसरे राज्यों में भी फंसे हरियाणा के लोगों को भी सुरक्षित वापस लाएंगे।’’
हरियाणा सरकार ने एक वेबपेज भी लांच किया है। घर लौटने के इच्छुक प्रवासी कामगार इसपर पंजीकरण करा सकते हैं।
सरकारी बयान के अनुसार, यह वेब पेज है https://edisha.gov.in/eForms/MigrantService ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)