देश की खबरें | कुरान की आयत वाला कोई कपड़ा नहीं जलाया गया, दंगाइयों को कब्र से खोदकर निकाला जाएगा: फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि अफवाहों के विपरीत, नागपुर शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कुरान की आयत वाला कोई चादर या कपड़ा नहीं जलाया गया।

मुंबई, 19 मार्च महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि अफवाहों के विपरीत, नागपुर शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कुरान की आयत वाला कोई चादर या कपड़ा नहीं जलाया गया।

फडणवीस ने साथ ही कहा कि नागपुर हिंसा के दौरान पुलिस पर हमला करने वालों को ‘‘कब्र से भी खोदकर निकाला जाएगा’’ और कानून के सामने पेश किया जाएगा।

सोमवार रात को हुई हिंसा के दौरान दंगाइयों ने एक महिला कांस्टेबल को कथित रूप से अनुचित तरीके से छूने और उसके कपड़े उतारने की कोशिश की। नागपुर में हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने पत्थर और पेट्रोल बम फेंके, जिसमें उपायुक्त (डीसीपी) रैंक के तीन अधिकारियों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

नागपुर से विधायक एवं मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए हिंसा की साजिश रची गई थी। फडणवीस राज्य के गृहमंत्री भी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘दो दिन पहले जो कुछ भी हुआ, वह कुछ लोगों द्वारा रची गई एक पूर्वनियोजित साजिश थी। मैं किसी समुदाय को दोष नहीं दे रहा हूं....हमें जलाये गए कपड़े पर (कुरान की) कोई 'आयत' नहीं मिली।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर सांप्रदायिक अशांति भड़काने के लिए झूठी अफवाह वाले संदेश भेजे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमले अक्षम्य हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। नागपुर में पुलिस पर हमला करने वालों को उनकी कब्रों से खोदकर निकाला जाएगा। हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नागपुर शहर में स्थिति अब शांत है। यह शहर शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए जाना जाता है। 1992 के बाद शहर में कोई दंगा नहीं हुआ। हिंसा की साजिश कुछ लोगों ने रची थी। (विहिप के विरोध प्रदर्शन के दौरान) केवल औरंगजेब की कब्र की एक प्रतिकृति जलाई गई थी। कोई आयत नहीं जलाई गई, हमने इसकी पुष्टि की है। लेकिन जानबूझकर अफवाहें फैलाई गईं। जिन लोगों ने जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए ऐसी अफवाहें फैलाईं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।’’

फडणवीस ने स्पष्ट किया कि उनका बयान नागपुर पुलिस आयुक्त के बयान से विरोधाभासी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘नागपुर पुलिस आयुक्त ने कहा है कि जांच से यह पता चलेगा कि हिंसा पूर्व नियोजित थी या नहीं। मैंने कोई विरोधाभासी बात नहीं कही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\