देश की खबरें | निषाद पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में फूलन देवी की पुण्यतिथि मनाएगी : संजय निषाद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी शुक्रवार को महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित करके तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई में उनके योगदान पर चर्चा करके फूलन देवी की पुण्यतिथि मनाएगी।

लखनऊ, 24 जुलाई उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी शुक्रवार को महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित करके तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई में उनके योगदान पर चर्चा करके फूलन देवी की पुण्यतिथि मनाएगी।

निषाद ने लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत में अन्याय के खिलाफ खड़े होने के लिए दिवंगत पूर्व सांसद और कभी दस्यु रहीं फूलन देवी की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ''जब फूलन देवी ने बंदूक उठाई थी तब समय और परिस्थितियां अलग थीं।''

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर फूलन देवी की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मांग की कि इसे खाली कराकर उनकी मां को सौंप दिया जाए।

निषाद ने कहा, ''दुनिया फूलन देवी को लौह महिला और बैंडिट क्वीन के रूप में जानती थी। हमारी पार्टी ने हमेशा उनके मुद्दों को उठाया है। उनकी याद में कल भी पूरे राज्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।''

फूलन देवी का कथित रूप से अपमान करने वालों पर निशाना साधते हुए निषाद ने कहा, ''कुछ लोग आज भी उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं लेकिन अगर इस मुद्दे का गहराई से विश्लेषण किया जाए तो यह स्पष्ट हो जाता है कि सदियों से महिलाओं को अन्याय का सामना करना पड़ा है। पहले अन्याय करने वालों की संख्या ज़्यादा थी और सम्मान करने वालों की संख्या कम... लेकिन हमारी सरकार में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ा है।''

कभी दस्यु रही फूलन देवी बाद में सांसद बनी थीं। एक गरीब मल्लाह परिवार में जन्मी फूलन को वर्ष 1981 के बेहमई नरसंहार के लिए जेल हुई थी। रिहा होने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया था और सांसद चुनी गयी थीं। फूलन देवी की 25 जुलाई 2001 को नयी दिल्ली में उनके आवास के बाहर तीन नकाबपोश बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\