देश की खबरें | पीएफआई, एसडीपीआई के कार्यालयों पर एनआईए के छापे, कई लोग हिरासत में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने राज्य भर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) तथा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के कार्यालयों तथा इसके पदाधिकारियों से जुड़े परिसरों में बृहस्पतिवार सुबह छापे मारे।
बेंगलुरु/ मंगलुरु, 22 सितंबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने राज्य भर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) तथा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के कार्यालयों तथा इसके पदाधिकारियों से जुड़े परिसरों में बृहस्पतिवार सुबह छापे मारे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छापे की कार्रवाई तड़के शुरू हुई और बेंगलुरु, दक्षिण कन्नड़ के जिला मुख्यालय मंगलुरु, उत्तर कन्नड़ के सिरसी और कलबुर्गी में कुल 14 स्थानों पर छापे मारे गए।
कार्यालयों पर छापे के दौरान कई मुस्लिम युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने ‘‘ एनआइए वापस जाओ’’ के नारे लगाए।
इन लोगों ने छापे की कार्रवाई में भी बाधा डालने की कोशिश की। पुलिस ने इन लोगों को एहतियात के तौर पर हिरासत में ले लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एनआईए की टीम ने एसडीपीआई तथा पीएफआई के कुछ प्रमुख सदस्यों को हिरासत में ले लिया और दस्तावेज, साहित्य, कम्प्यूटर, लैपटॉप तथा फोन जब्त किए।
बेंगलुरु में सैम्पीगेहल्ली, फ्रेज़र टाउन और रिचमंड टाउन में छापे मारे गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलुरु में एनआईए ने बाजपे, नेल्लीकाई रोड, कुलाई और कावूर में स्थित कार्यालयों में छापे मारे। छापेमारी के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
विभिन्न ठिकानों पर मारे जा रहे छापों को निर्बाध तरीके से जारी रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
एसडीपीआई और पीएफआई के कार्यकर्ताओं ने छापे के विरोध में अपने कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया तथा एनआईए के अधिकारियों से वापस जाने को कहा। नेल्लीकाई रोड पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
एसडीपीआई के एक कार्यकर्ता ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि माना जा रहा है कि ये छापे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा प्रकोष्ठ के नेता प्रवीण नेत्तार की हत्या मामले के संबंध में मारे जा रहे हैं। दो माह पहले नेत्तार की कथित तौर पर मुस्लिम युवकों के एक समूह ने हत्या कर दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)