देश की खबरें | एनआईए ने आतंकियों और तस्करों की साठगांठ का पता लगाने के लिए आठ राज्यों में छापे मारे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों ने संगठित अपराधी गिरोहों, आतंकवादी समूहों और मादक पदार्थ तस्करों के बीच साठगांठ से जुड़े तीन मामलों के सिलसिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी तथा सात राज्यों में 76 स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 21 फरवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों ने संगठित अपराधी गिरोहों, आतंकवादी समूहों और मादक पदार्थ तस्करों के बीच साठगांठ से जुड़े तीन मामलों के सिलसिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी तथा सात राज्यों में 76 स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के अलावा महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में छापेमारी चल रही है। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी को एक अपराधी गिरोह के एक सदस्य से डेढ़ करोड़ रुपये मिले हैं।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान 11 पिस्तौल, रिवॉल्वर और राइफल के साथ गोला-बारूद जब्त किया गया है। इसके अलावा आपत्तिजनक दस्तावेज तथा डिजिटल उपकरण भी जब्त किये गये।

एनआईए ने तीन मामले पिछले साल अगस्त में दर्ज किये थे और उसके बाद से एजेंसी के अधिकारियों की छापेमारी का यह पांचवां दौर है।

एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि एजेंसी ने मंगलवार को कुल 76 स्थानों पर तलाशी ली। ये स्थान पंजाब (अबोहर, भटिंडा, मुक्तसर साहिब, मोगा, लुधियाना, मोहाली, फिरोजपुर, तरण तारण, लुधियाना जिलों), हरियाणा (गुरुग्राम, यमुना नगर, रोहतक, महेंद्रगढ़, सिरसा और झज्जर जिलों), उत्तर प्रदेश (बागपत, बरेली, प्रतापगढ़, बुलंदशहर और पीलीभीत जिलों) तथा दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (द्वारका, बाहरी उत्तरी जिला, मध्य तथा बाहरी उत्तरी जिलों) में हैं।

अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को मुक्तसर के गिद्देरबाहा निवासी लखवीर सिंह, अबोहर में नरेश, हरियाणा के नारनौल में सुरेंद्र उर्फ चीकू, गुरुग्राम के कौशल चौधरी तथा अमित डागर, उत्तर प्रदेश में बागपत के सुनील राठी और उनके हवाला साथियों, कुछ कबड्डी खिलाड़ियों, हथियार आपूर्ति करने वालों, शस्त्र दुकानों, फाइनेंसरों आदि के परिसरों पर तलाशी ली गयी।

प्रवक्त ने कहा कि इस तरह के नेटवर्कों को नेस्तानाबूद करने और उनके आर्थिक एवं समर्थन ढांचे को तबाह करने के लिए जांच जारी रहेगी।

एनआईए ने तीन मामले दर्ज किये थे जिनमें से दो को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने जांच के लिए ले लिया था।

अधिकारियों के अनुसार एनआईए ने अपराधी गिरोहों के खिलाफ एक मामले की जांच संभाली थी जिनमें गौरव पटियाल उर्फ सौरभ ठाकुर, सुखदूल सिंह उर्फ सुख दुनेका गुरपिंदर सिंह उर्फ बाबा डल्ला, भूपिंदर सिंह उर्फ भूपी (सभी पंजाब से), राणा कौशल उर्फ नरेश तथा अमित डागर (हरियाणा), नीरज सहरावत उर्फ नीरज बवाना,सुनील मान उर्फ सुनील बालियान (दिल्ली से) और अन्य अज्ञात लोगों के गिरोह हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\