देश की खबरें | एनएचआरसी ने नाबालिग से ‘बलात्कार, हत्या’ और मुठभेड़ में आरोपी की मौत पर नोटिस जारी किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बुधवार को कहा कि उसने कर्नाटक सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को हुबली में एक लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या तथा ‘‘पुलिस मुठभेड़’’ में आरोपी की मौत से सबंधित खबरों पर नोटिस जारी किया है।

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बुधवार को कहा कि उसने कर्नाटक सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को हुबली में एक लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या तथा ‘‘पुलिस मुठभेड़’’ में आरोपी की मौत से सबंधित खबरों पर नोटिस जारी किया है।

एनएचआरसी ने चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट में दोनों मृतकों की ‘‘पोस्टमार्टम जांच’’ और ‘‘मजिस्ट्रेट की जांच रिपोर्ट’’ प्रस्तुत करने को कहा है।

बयान में कहा गया कि एनएचआरसी ने कर्नाटक के हुबली में एक नाबालिग लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या तथा गिरफ्तार आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बारे में मीडिया की खबर का स्वत: संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने कहा है कि यदि समाचार की विषय-वस्तु सही है, तो यह ‘‘पीड़ित नाबालिग लड़की तथा कथित मुठभेड़ में मारे गए गिरफ्तार संदिग्ध अपराधी के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन’’ दर्शाता है।

एनएचआरसी ने कहा कि इसलिए उसने कर्नाटक के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

बयान में कहा गया है कि 14 अप्रैल को मीडिया में प्रकाशित समाचार के अनुसार, लड़की का शव मिलने के तुरंत बाद लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अशोक नगर थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

एनएचआरसी ने कहा, ‘‘कथित तौर पर, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया था और पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप उसे गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now