देश की खबरें | न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक: ईओडब्ल्यू ने पूर्व चेयरमैन के घर की तलाशी ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक से 122 करोड़ रुपये के गबन के मामले में बैंक के पूर्व अध्यक्ष हिरेन भानु के आवास की तलाशी ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, पांच मार्च मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक से 122 करोड़ रुपये के गबन के मामले में बैंक के पूर्व अध्यक्ष हिरेन भानु के आवास की तलाशी ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान ईओडब्ल्यू को कई दस्तावेज मिले, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि तलाशी दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल क्षेत्र में ली गई, जहां हिरेन भानु और उनकी पत्नी गौरी भानु का किराए का फ्लैट है।
गौरी पहले बैंक में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थीं।
अधिकारी ने बताया कि दंपति के पास नेपियन सी रोड पर भी एक फ्लैट है, जिसे उन्होंने किराए पर दे रखा है।
दोनों 122 करोड़ रुपये के गबन मामले में वांछित आरोपी हैं।
उन्होंने कहा कि ईओडब्ल्यू टीम दंपति की संपत्तियों की पहचान कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि क्या उन्हें अपराध की आय से हासिल किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि इस बीच, एजेंसी 11 मार्च को बैंक के पूर्व महाप्रबंधक और लेखा प्रमुख हितेश मेहता का ‘लाई डिटेक्टर टेस्ट’ कराएगी।
उन्होंने कहा कि मेहता सहयोग नहीं कर रहे हैं और मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण तथ्य छिपा रहे हैं, जिसके कारण उन्होंने परीक्षण के लिए अपनी सहमति नहीं दी है।
अधिकारी के अनुसार, लेकिन अदालत ने पुलिस को मेहता का फॉरेंसिक मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराने की इजाजत दे दी है।
उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस ने गबन के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और चार आरोपी अब भी फरार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)