विदेश की खबरें | नेपाल के पर्यटन मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित

काठमांडू, 11 अक्टूबर नेपाल के पर्यटन मंत्री योगेश भट्टराई कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। यह घोषणा उन्होंने सोशल मीडिया पर की। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब आठ महीने पहले उन्होंने देश को घातक महामारी से मुक्त घोषित किया था।

प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की कैबिनेट में भट्टराई (54) पहले मंत्री हैं, जो कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। देश में कोरोना वायरस से अभी तक एक लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं।

यह भी पढ़े | पाकिस्तान: इस्लामाबाद में COVID19 के बढ़ते मामलों के बाद मिनी स्मार्ट लॉकडाउन लागू.

मंत्री ने अपने फेसबुक पोस्ट में अपने संपर्क में आने वाले लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है।

भट्टराई ने पोस्ट में कहा, ‘‘पिछले सोमवार को कोविड-19 की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। उस समय मैंने काठमांडू के बाहर कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा भी लिया था। शुक्रवार की शाम को अपने आवास पर लौटने पर मुझे बुखार महसूस हुआ।’’

यह भी पढ़े | Coronavirus Cases in Worldwide: वैश्विक स्तर पर COVID19 के आकड़ें हुए 3.7 करोड़ से अधिक, अब तक 1,071,399 संक्रमितों की हुई मौत.

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अभी सूचना मिली है कि शनिवार को कोरोना वायरस की फिर से की गई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है।’’

मंत्री ने कहा कि ‘हल्की बुखार’ के अलावा उन्हें कोई समस्या नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से कुछ दिनों के लिए सतर्क रहने का आग्रह करता हूं और अगर आपको कोई समस्या होती है तो कोरोना वायरस की जांच कराएं।’’

भट्टराई ने फरवरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कहा था कि दुनिया को इस तथ्य से अवगत होना चाहिए कि नेपाल कोरोना वायरस के साये से पूरी तरह मुक्त है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)