देश की खबरें | राजग लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करेगा : नीतीश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करने का दावा करते हुए राज्य में रोजगार सृजन का श्रेय लेने के लिए पूर्व सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा।

पटना, आठ अप्रैल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करने का दावा करते हुए राज्य में रोजगार सृजन का श्रेय लेने के लिए पूर्व सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा।

पटना में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत के दौरान कुमार ने राजग के चुनाव प्रचार अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘सबकुछ ठीक चल रहा है। हम बिहार में सभी सीट पर जीत दर्ज करेंगे। हम अपना प्रचार नहीं करते लेकिन लोग जानते हैं कि हमने उनके लिए क्या किया है।’’

कुमार ने हाल ही में कुछ जनसभाओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच साझा किया था।

राजद द्वारा राज्य में रोजगार सृजन का श्रेय लेने के के सवाल पर उन्होंने कहा, “हमारे सत्ता में आने के बाद ही सभी विकास कार्य हुए। उन्हें (राजद) जो चाहे दावा करने दीजिए। वे बिना कुछ किये ही श्रेय चाहते हैं।’’

कुमार ने यह भी रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने ही सभी विकास कार्यों को मंजूरी दी और उन्हें शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘आखिरकार आप जानते हैं कि अंतिम निर्णय कौन लेता है।’’

कुमार की राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के साथ प्रतिद्वंद्विता जगजाहिर है। मुख्यमंत्री ने उनपर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘सत्ता में रहते हुए उन्होंने कुछ नहीं किया। खराब कानून-व्यवस्था के कारण लोग शाम के बाद अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते थे।''

लालू प्रसाद यादव की बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य के क्रमश: पाटलिपुत्र और सारण से लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है।''

इस बीच, लालू प्रसाद के बेटे और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव ने कुमार का मखौल उड़ाते हुए कहा, ‘‘उम्मीद है कि नीतीश जी को मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ उनकी शिकायतें याद होंगी, जिनके बारे में उन्होंने कहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जब राज्य में हमारे गठबंधन का शासन था तो वह सहयोग की कमी का आरोप लगाते थे।''

तेजस्वी राजद-जदयू की पूर्ववर्ती ‘महागठबंधन’ सरकार में उप मुख्यमंत्री थे।

तेजस्वी ने निशाना साधते हुए कहा, "लेकिन, मैं उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। हालात ऐसे हो गए हैं। मैं अभी भी उनके (प्रधानमंत्री मोदी के) पैर छूने और राजग के लिए 4000 सीट की कामना करने के दृश्य से उबर नहीं पा रहा हूं।’’

तेजस्वी का इशारा रविवार को वायरल हुए एक वीडियो की ओर था जिसमें नवादा की एक चुनावी सभा में नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथित तौर पर पैर छूते हुए देखा जा सकता है।

अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें