देश की खबरें | राकांपा-शरदचंद्र पवार ने राष्ट्रपति से आग्रह किया, ‘महिलाओं को एक हत्या करने से छूट दी जाए’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार की महिला शाखा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों के मद्देनजर एक हत्या करने पर सजा में छूट देने का आग्रह किया है।
मुंबई, आठ मार्च राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार की महिला शाखा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों के मद्देनजर एक हत्या करने पर सजा में छूट देने का आग्रह किया है।
शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी की महिला शाखा की अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा कि महिलाएं दमनकारी मानसिकता, दुष्कर्म वाली मानसिकता और निष्क्रिय कानून-व्यवस्था की प्रवृत्ति को खत्म करना चाहती हैं।
खडसे ने हाल ही में मुंबई में 12 वर्षीय लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।
खडसे ने पत्र में कहा, “हम सभी महिलाओं की ओर से एक हत्या करने पर सजा में छूट की मांग कर रहे हैं।”
इस पत्र का उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधना है।
उन्होंने एक सर्वेक्षण रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें बताया गया कि भारत महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित देश है क्योंकि उनके खिलाफ अपहरण और घरेलू हिंसा सहित कई अपराध हो रहे हैं।
खडसे ने कहा, “हमें उम्मीद है कि हमारी मांग पर गंभीरता से विचार करने के बाद उसे स्वीकार कर लिया जाएगा।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)