ताजा खबरें | राकांपा प्रमुख अजित पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विवादास्पद माढा और नासिक सीट पर की चर्चा

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के नेताओं से मुलाकात करके उनसे विवादास्पद लोकसभा सीट माढा और नासिक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

मुंबई, 12 अप्रैल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के नेताओं से मुलाकात करके उनसे विवादास्पद लोकसभा सीट माढा और नासिक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

राज्य राकांपा प्रमुख सुनील तटकरे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वरिष्ठ नेता रामराजे नाइक-निंबालकर के नेतृत्व में सतारा जिले के फलटन और मान-खटाव के पार्टी पदाधिकारियों ने माढा सीट पर चर्चा के लिए अजीत पवार, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और अन्य नेताओं से मुलाकात की।

जब उनसे सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगियों की ओर से निंबालकर के नामांकन का विरोध किये जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,‘‘माढा सीट के लिए सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (शिवसेना, भाजपा और राकांपा को मिलाकर) के उम्मीदवार की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। भाजपा के रंजीत नाइक निंबालकर इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन इस सीट से जुड़े मुद्दे एक या दो दिन में सुलझ जाएंगे।’’

तटकरे ने कहा कि बैठक के दौरान नासिक संसदीय क्षेत्र के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों और शेष सीट पर, जहां अब तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा के बाद एक या दो दिन में फैसला किया जाएगा।

नासिक सीट वर्तमान में सत्तारूढ़ शिवसेना के हेमंत गोडसे के पास है, लेकिन सहयोगी राकांपा इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक है। राकांपा वरिष्ठ नेता छगन भुजबल को नासिक सीट से मैदान में उतारना चाहती है, जिन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

तटकरे ने कहा कि राज्य में तीसरे चरण की 11 लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी गई और पार्टी ने इन सीट पर अपनी चुनाव प्रचार रणनीति पर चर्चा की है।

महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरण में चुनाव होंगे और मतगणना चार जून को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\