नयी दिल्ली, 20 जनवरी भारतीय नौसेना की वायु संचालन अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत यहां गणतंत्र दिवस परेड में अपने बल के 144 युवा नौसैनिकों की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी वहीं नौसेना की झांकी 'नारी शक्ति' को प्रदर्शित करेगी।
नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि कर्तव्य पथ पर परेड में तीन महिलाएं और पांच पुरुष अग्निवीर भी शामिल होंगे।
अमृत के अलावा, एक अन्य महिला अधिकारी- सब लेफ्टिनेंट वल्ली मीना एस नौसैनिक दल के तीन प्लाटून कमांडरों में शामिल होंगी।
कर्नाटक के बीएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर विज्ञान में इंजीनियरिंग स्नातक, 29 वर्षीय अमृत वर्ष 2008 में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की गणतंत्र दिवस टीम का हिस्सा थीं और उन्होंने दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में सेना के तीनों अंगों में से एक के ‘मार्चिंग’ दल का हिस्सा बनने का सपना देखा था।
उन्होंने कहा, "2008 के बाद से, मैं सशस्त्र बलों के गणतंत्र दिवस दल का हिस्सा बनने का सपना देख रही थी। यह एक अद्भुत अवसर है जो भारतीय नौसेना ने मुझे (नौसैन्य दल का नेतृत्व करने के लिए) दिया है।"
मैंगलुरु की रहने वाली अमृत 2016 में नौसेना में शामिल हुई थीं और 2017 में अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह स्थित एक प्रमुख नौसैन्य प्रतिष्ठान में तैनात हैं।
उन्होंने पीटीआई- से कहा, ''मैं डोर्नियर विमान की एविएटर हूं और विमान में उड़ानें भरती रही हूं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY