देश की खबरें | राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान के अधिकारी रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान (एनआईयूएम) के एक प्रशासनिक अधिकारी को एक कैंटीन मालिक से उसके लंबित बिलों के भुगतान के लिए 1.10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 26 नवंबर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान (एनआईयूएम) के एक प्रशासनिक अधिकारी को एक कैंटीन मालिक से उसके लंबित बिलों के भुगतान के लिए 1.10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नदीम ए सिद्दीकी को मांगी गई कुल रिश्वत के आंशिक भुगतान के रूप में 50,000 रुपये कथित तौर पर लेते समय गिरफ्तार किया गया था।
एजेंसी के अनुसार, शिकायतकर्ता कंपनी एक यूनानी अस्पताल के मरीजों को भोजन की आपूर्ति करती थी, जिसके बिल का भुगतान एनआईयूएम, बेंगलुरु द्वारा मासिक आधार पर उसके मालिक के खाते में किया जाता था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अनुबंध की अवधि दो महीने के भीतर समाप्त होने वाली थी और एनआईयूएम के पास तीन लाख रुपये के दो महीने के बिल लंबित थे।
अधिकारियों ने बताया कि राशि चुकाने के लिए, सिद्दीकी ने मालिक से 1.10 लाख रुपये की कथित तौर पर रिश्वत की मांग की। इसके बाद शिकायकर्ता ने सीबीआई से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया कि सिद्दीकी शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये का आंशिक भुगतान कथित तौर पर प्राप्त करने के लिए सहमत हो गया।
एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सीबीआई ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत की आंशिक राशि मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों के परिसरों की तलाशी ली गई, जिससे दो लाख रुपये बरामद हुए।’’
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को बेंगलुरु में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया गया। उन्होंने बताया कि न्यायाधीश ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)