देश की खबरें | स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने 35 किग्रा हेरोइन जब्त की, आठ लोगों को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने करीब 35 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर और आठ लोगों की गिरफ्तारी के साथ मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करने का शनिवार को दावा किया।
नयी दिल्ली, 28 मई स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने करीब 35 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर और आठ लोगों की गिरफ्तारी के साथ मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करने का शनिवार को दावा किया।
यह अभियान 24 मई को, जिम्बाब्वे से बेंगलुरु पहुंची दो महिला यात्रियों को एनसीबी द्वारा हवाई अड्डे पर रोक जाने के बाद शुरू हुआ था। महिलाओं के पास से लगभग सात किग्रा मादक पदार्थ जब्त किये गये।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा की गई पूछताछ में कई अन्य जानकारी प्राप्त हुई। एक नाइजीरियाई नागरिक की पहचान नेटवर्क सरगना के रूप में की गई तथा दिल्ली और मध्य प्रदेश के इटारसी में रहने वाले अन्य सदस्यों के बारे में पता चला।
ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि इस अभियान में 34.89 किलोग्राम उच्च श्रेणी की हेरोइन जब्त की गई है और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। बयान के अनुसार, अभियान के दौरान 5.8 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।
बयान में कहा गया कि गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से एक आरोपी नाइजीरियाई है और बाकी भारतीय मूल के निवासी हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, तीन और महिलाओं को पकड़ा गया है, जिनकी पहचान अफ्रीकी देश के नागरिक के रूप में की जा रही है। ब्यूरो द्वारा उनके खिलाफ सबूत जुटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)