देश की खबरें | मुम्बई पुलिस ने लाउडस्पीकर विवाद के मद्देनजर सुरक्षा योजना तैयार की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लाउडस्पीकर के संबंध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की धमकी और आगामी त्योहारों के मद्देजनर मुम्बई पुलिस ने एक सुरक्षा योजना बनायी है जिसके तहत पुलिस टीम अप्रिय घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ किसी भी स्थान पर पांच मिनट के अंदर पहुंच जाएगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मुम्बई, 21 अप्रैल लाउडस्पीकर के संबंध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की धमकी और आगामी त्योहारों के मद्देजनर मुम्बई पुलिस ने एक सुरक्षा योजना बनायी है जिसके तहत पुलिस टीम अप्रिय घटनाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ किसी भी स्थान पर पांच मिनट के अंदर पहुंच जाएगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुम्बई पुलिस ने एक योजना बनायी है जिसके अंतर्गत स्थानीय पुलिस तैनाती के अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल की 19 कंपनियां, दंगा नियंत्रण पुलिस की प्लाटून, क्यूआरटी, एवं अन्य रिजर्व बल उसकी सहायता करेंगे ।
उन्होंने कहा कि शहर में 94 थाने हैं और हर थाने के 16 केंद्र हैं जहां पुलिस की मौजूदगी पर्याप्त रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कुछ संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों की पहचान की है और उसी हिसाब से वहां तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि एहतियाती उपाय के तौर पर पुलिस ने सामुदायिक नेताओं एवं आध्यात्मिक नेताओं के साथ संवाद शुरू किया है और उनका सहयोग मांगा है।
अधिकारी ने कहा कि हर जोन में पुलिस उपायुक्त मोहल्ला समितियों के साथ बैठक कर रहे हैं एवं किसी अवैध घटना को रोकने के लिए उनसे सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं।
लाउडस्पीकर की अनुमति देने के संबंध में उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण के बारे में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के मुताबिक इजाजत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संगठन कानून का उल्लंघन करेगा उसके विरूद्ध पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)