खेल की खबरें | साइवर-ब्रंट और मैथ्यूज की आतिशी अर्धशतकीय पारी से मुंबई इंडियंस ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. नैट साइवर-ब्रंट और हेली मैथ्यूज की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 133 रन की साझेदारी से मुंबई इंडियंस ने बृहस्पतिवार को यहां गुजरात जायंट्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) एलिमिनेटर मैच में चार विकेट पर 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
मुंबई, 13 मार्च नैट साइवर-ब्रंट और हेली मैथ्यूज की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 गेंद में 133 रन की साझेदारी से मुंबई इंडियंस ने बृहस्पतिवार को यहां गुजरात जायंट्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) एलिमिनेटर मैच में चार विकेट पर 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
पावरप्ले में सतर्कता से बल्लेबाजी करने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर क्षेत्र में चौके और छक्के जड़े। साइवर-ब्रंट ने 41 गेंद में 77 रन की पारी खेली। मैथ्यूज ने भी 50 गेंद में 77 रन का योगदान दिया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 36 रन बनाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।
गुजरात के गेंदबाजों को क्षेत्ररक्षकों का भी साथ नहीं मिला। टीम ने कई कैच टपकाने के साथ खराब क्षेत्ररक्षण से रन बनाने दिया।
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाली साइवर-ब्रंट ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों की धज्जियां उड़ाते हुए 10 चौके और दो छक्के जमाए।
मुंबई ने पावरप्ले में केवल 37 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद मैथ्यूज और साइवर-ब्रंट ने गियर बदल दिए। इंग्लैंड की बल्लेबाज ने डेब्यू करने वाली तेज गेंदबाज डेनियल गिब्सन के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया तो वही मैथ्यूज ने लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए।
मैथ्यूज ने पहले सतर्क शुरुआत की और फिर बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के जड़े।
आखिरी ओवरों में हरमनप्रीत के बल्ले से छक्कों की बरसात हो रही थी। उन्होंने अपने शानदार प्रयास में चार बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया।
मुंबई इंडियंस ने आखिरी पांच ओवरों में 73 रन बनाए।
इस मैच की विजेता टीम शनिवार को फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)