ताजा खबरें | एनसीएपी के तहत महानगरों में 2024 में पीएम10 के स्तर में सबसे अधिक गिरावट मुंबई में हुई: सरकार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. पर्यावरण मंत्रालय ने सोमवार को संसद को बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत आने वाले महानगरों में, मुंबई में 2017-18 की तुलना में 2024-25 में पीएम10 प्रदूषण के स्तर में सबसे अधिक 44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद कोलकाता (37 प्रतिशत) का स्थान रहा।

नयी दिल्ली, 21 जुलाई पर्यावरण मंत्रालय ने सोमवार को संसद को बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत आने वाले महानगरों में, मुंबई में 2017-18 की तुलना में 2024-25 में पीएम10 प्रदूषण के स्तर में सबसे अधिक 44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद कोलकाता (37 प्रतिशत) का स्थान रहा।

केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह द्वारा लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पीएम10 के स्तर में 15 प्रतिशत और चेन्नई में 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

उन्होंने ये आंकड़े सांसदों अनिल देसाई और बाबू सिंह कुशवाहा द्वारा भारतीय शहरों में बिगड़ते वायु प्रदूषण, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों और वायु गुणवत्ता सुधार के लिए धन के उपयोग से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में दिए।

सिंह ने कहा कि एनसीएपी के अंतर्गत आने वाले 130 शहरों में से 103 शहरों में 2017-18 की तुलना में 2024-25 में पीएम10 के स्तर में सुधार देखा गया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 64 शहरों में पीएम10 के स्तर में 20 प्रतिशत से अधिक की कमी देखी गई है और उनमें से 25 शहरों में 40 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है।

साल 2019 में शुरू किए गए एनसीएपी का लक्ष्य 2019-20 को आधार वर्ष मानकर 130 अत्यधिक प्रदूषित शहरों में 2026 तक सूक्ष्म कणों के प्रदूषण को 40 प्रतिशत तक कम करना है। हालांकि, व्यवहार में, प्रदर्शन मूल्यांकन के लिए केवल पीएम10 सांद्रता पर ही विचार किया जा रहा है।

पीएम10 या 10 माइक्रोमीटर या उससे कम व्यास के कण खराब वायु गुणवत्ता और श्वसन रोगों में योगदान देने वाला एक प्रमुख प्रदूषक है।

आंकड़ों से पता चला कि प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं और 22 शहरों ने अब पीएम10 सांद्रता के लिए राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक (एनएएक्यूएस) प्राप्त कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\