देश की खबरें | मुंबई ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना: मृतकों की संख्या बढ़कर छह हुई, विशेषज्ञ कर रहे हैं वाहन की जांच

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना में तीन और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 10 दिसंबर मुंबई में ‘बेस्ट’ बस दुर्घटना में तीन और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ यह पता लगाने के लिए बस की जांच कर रहे हैं कि कहीं यह हादसा तकनीकी गड़बड़ी के कारण तो नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुर्ला (पश्चिम) में एसजी बर्वे मार्ग पर हुई इस दुर्घटना में 43 अन्य लोग घायल हो गए, जबकि शुरुआती रिपोर्ट में 22 लोगों के घायल होने की बात कही गई थी।

उन्होंने बताया कि बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस ने पैदल यात्रियों और कुछ वाहनों को टक्कर मार दी।

अधिकारियों ने बताया कि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस पैदल यात्रियों और वाहनों को कुचलने के बाद बुद्ध कॉलोनी नामक आवासीय सोसाइटी में घुस गई और तब जाकर रुकी।

सोमवार को इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी थी।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मृतक संख्या बढ़कर छह हो गई है।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि इनमें से 35 लोगों को कुर्ला के सरकारी भाभा अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बताया कि दो की पहले की मौत हो चुकी है। दो अन्य को अस्पताल में भर्ती होने के बाद मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन को निकटवर्ती निजी कोहिनूर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारी के अनुसार अन्य छह घायलों को निजी हबीब अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य का इलाज हो रहा है।

इस दुर्घटना में चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। उन्हें सरकारी सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 35 वर्षीय एक व्यक्ति को कुर्ला के निजी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के पांच घंटे से अधिक समय बाद मीडिया के साथ इसका विवरण साझा करते हुए ‘बेस्ट’ ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया था।’’

‘बेस्ट’ के मुताबिक दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि टक्कर के बाद कई वाहन घसीटते चले गए या क्षतिग्रस्त हो गए। ‘बेस्ट’ ने कहा कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस की ‘‘गति बढ़ गई’’।

‘बेस्ट’ के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है और उसकी कुछ खिड़कियों के शीशे भी टूट गए हैं।

बस को मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे ‘क्रेन’ और ‘अर्थ मूवर’ मशीन’ की मदद से मौके से हटाया गया और देर रात एक बजकर 15 मिनट पर कुर्ला डिपो लाया गया।

मोटर वाहन निरीक्षकों की एक टीम ने बस की जांच की ताकि पता लगाया जा सके कि उसमें कोई तकनीकी समस्या तो नहीं है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के सूत्रों ने बताया कि ये निरीक्षक अपनी जांच के आधार पर पुलिस को रिपोर्ट सौंपेंगे।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद बस चालक संजय मोरे को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने इससे पहले बताया था कि यह बस हैदराबाद स्थित ‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ द्वारा निर्मित 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक वाहन थी और इसे ‘बेस्ट’ ने पट्टे पर लिया था।

दुर्घटना के संबंध में पट्टे पर देने वाली कंपनी ईवीईवाई ट्रांस और ओलेक्ट्रा से अब तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया है।

परिवहन निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद किए जाने के कारण बेस्ट कुर्ला स्टेशन तक बसें चलाने के बजाय अन्य निकटवर्ती स्थानों से 10 मार्गों पर बसें चला रही है।

बर्वे रोड कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है।

बर्वे रोड पर स्थित कुर्ला बस स्टैंड से बड़ी संख्या में यात्री बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए बस लेते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट