देश की खबरें | मप्र: सिंधिया समर्थक बैजनाथ यादव ने भाजपा छोड़ी: चुनावी साल में कांग्रेस में लौटे

भोपाल, 14 जून केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार मध्य प्रदेश भाजपा कार्यकारी समिति के सदस्य बैजनाथ सिंह यादव ने विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले भाजपा छोड़ दी और बुधवार को कांग्रेस के पाले में लौट आए।

शिवपुरी के रहने वाले यादव और 15 जनपद सदस्यों सहित उनके समर्थकों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी में स्वागत किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ बैजनाथ सिंह यादव ने (मार्च 2020 में) सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ दी थी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे लेकिन वह वहां घुटन महसूस कर रहे थे और अंत में अपनी मूल पार्टी में लौट आए।’’

अरुण यादव ने यह भी दावा किया कि भाजपा के कई कार्यकर्ता और नेता पार्टी के शासन से, खासकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कारण खुश नहीं हैं और वे उनके (अरुण यादव), कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हैं।

अरुण यादव ने दावा किया, ‘‘ वे नेता उचित समय पर कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे। इतना ही नहीं, बल्कि सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के अधिकांश नेता भी अपनी मूल पार्टी में लौट आएंगे। एक दिन आएगा जब केवल सिंधिया ही भाजपा में रहेंगे।"

बैजनाथ सिंह यादव और उनके समर्थकों को दिग्विजय सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नाथ द्वारा कांग्रेस के दुपट्टे भेंट किए गए।

उन्होंने कहा, ''भाजपा के राज में मध्य प्रदेश में क्या हो रहा है यह सभी जानते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार लोगों को गुमराह करने की राजनीति कर रही है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)