देश की खबरें | मप्र चुनाव: इंदौर की सभी नौ सीटों पर खिला भाजपा का कमल, विजयवर्गीय 57,939 मतों से विजयी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान इंदौर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए सभी नौ सीटें अपने नाम कीं।

इंदौर, एक दिसंबर मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान इंदौर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए सभी नौ सीटें अपने नाम कीं।

इंदौर-1 क्षेत्र में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने निवर्तमान विधायक और उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी संजय शुक्ला को 57,939 मतों से हराया।

राज्य की निवर्तमान संस्कृति मंत्री और भाजपा उम्मीदवार उषा ठाकुर ने त्रिकोणीय संघर्ष वाले महू क्षेत्र में लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। कांग्रेस का टिकट न मिलने पर बगावत करके निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले अंतर सिंह दरबार को ठाकुर ने 34,392 वोट से मात दी।

सूबे के निवर्तमान जल संसाधन मंत्री और भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम सिलावट ने अपनी परंपरागत सांवेर सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार रीना बौरासी से 68,854 मतों से हराया।

इंदौर-2 क्षेत्र में भाजपा के निवर्तमान विधायक रमेश मेंदोला ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार चिंटू चौकसे को 1,07,047 मतों के विशाल अंतर से हराकर इस सीट पर फिर से भाजपा का झंडा फहरा दिया। इंदौर-2 क्षेत्र में मेंदोला की जीत का यह अंतर राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों में उम्मीदवारों की विजय के सबसे बड़े अंतर में से एक है।

राऊ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा ने कांग्रेस के निवर्तमान विधायक जीतू पटवारी को 35,522 मतों से हराकर अपनी पिछली हार का हिसाब बराबर कर लिया। पटवारी ने 2018 के पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान वर्मा को 5,703 मतों के नजदीकी अंतर से पराजित किया था।

इंदौर-4 क्षेत्र में भाजपा की निवर्तमान विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार पीएल राजा मांधवानी को 69,837 मतों के बड़े अंतर से हराकर इस सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा। इंदौर-5 क्षेत्र में भाजपा के निवर्तमान विधायक महेंद्र हार्डिया ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सत्यनारायण पटेल को 15,671 वोट से हराया।

देपालपुर क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार मनोज पटेल ने कांग्रेस के निवर्तमान विधायक विशाल पटेल को 13,698 मतों से मात देकर कांग्रेस से यह सीट छीन ली।

इंदौर-3 क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार राकेश शुक्ला गोलू ने कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जोशी पिंटू को 14,757 मतों से हराया। शुक्ला पहली बार विधायक चुने गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\