देश की खबरें | संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने और 13 अगस्त तक चलने की संभावना है । सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी ।
नयी दिल्ली, 29 जून संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने और 13 अगस्त तक चलने की संभावना है । सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी ।
सूत्रों ने बताया कि करीब एक महीने तक चलने वाले मानसून सत्र के दौरान 20 बैठक होने की संभावना है ।
आमतौर पर संसद का मानसून सत्र जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होता है और स्वतंत्रता दिवस से पहले तक संपन्न हो जाता है ।
सूत्रों ने बताया कि संसदीय मामलों संबंधी मंत्रिमंडल समिति ने इस सत्र की अवधि को लेकर सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान संसद परिसर में कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकाल का पालन किया जायेगा ।
उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद की जाती है कि सत्र के दौरान परिसर में प्रवेश करने वाले लोग तब तक कोविड रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके होंगे ।
संसद के एक पदाधिकारी ने बताया कि 19 जून तक लोकसभा के 400 से अधिक सदस्यों ने कोरोना वायरस रोधी टीके की खुराक ले ली थी ।
लोकसभा कवर करने वाले पत्रकारों के लिये भी लोकसभा सचिवालय ने टीके की सुविधा उपलब्ध करायी है ।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के चलते पिछले कुछ सत्रों में राज्यसभा की कार्यवाही सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और कभी-कभी दोपहर दो बजे तक चली थी जबकि लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से शुरू होती थी । यह कोविड उपयुक्त व्यहवार के अनुरूप सामाजिक दूरी बनाने की कवायद के तहत किया गया था ।
हालांकि, बजट सत्र के दूसरे हिस्से में दोनों सदन की बैठक सामान्य कार्यक्रम के अनुसार अपराह्न 11 बजे से शुरू होने लगी थी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)