देश की खबरें | मोदी ने दाहोद में एफएम रिले स्टेशन की आधारशिला रखी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को गुजरात में आकाशवाणी दाहोद एफएम रिले स्टेशन परियोजना की आधारशिला रखी।

नयी दिल्ली, 27 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को गुजरात में आकाशवाणी दाहोद एफएम रिले स्टेशन परियोजना की आधारशिला रखी।

गुजरात के बोडेली में एक कार्यक्रम में अन्य परियोजनाओं के साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा 10 किलो वाट एफएम रिले स्टेशन की आधारशिला पट्टिका का अनावरण डिजिटल तरीके से किया गया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह स्टेशन 11 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित किया जाएगा और यह रणनीतिक रूप से स्थित है जिसके दायरे में लगभग 55 किलोमीटर का क्षेत्र आयेगा जिसमें दाहोद के आदिवासी जिले का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा शामिल है।

बयान में कहा गया है कि यह ट्रांसमीटर अलीराजपुर और झाबुआ सहित मध्य प्रदेश के पड़ोसी आदिवासी जिलों को भी आंशिक रूप से कवर करेगा।

दाहोद स्टेशन की शुरुआत होने से गुजरात और मध्य प्रदेश के 25 लाख से अधिक निवासियों को उच्च गुणवत्ता वाले एफएम प्रसारण तक पहुंच प्राप्त होगी।

प्रसार भारती 39 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न क्षमताओं के साथ भुज, भावनगर, द्वारका, राधनपुर और डेसा सहित प्रमुख स्थानों पर एफएम ट्रांसमीटर की स्थापना पर भी काम कर रहा है। ये परियोजनाएं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित ‘ब्रॉडकास्ट इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क डेवलपमेंट स्कीम’ का हिस्सा हैं।

परियोजनाएं पूरी होने और चालू होने पर राज्य के लगभग 65 प्रतिशत क्षेत्र में एफएम प्रसार बढ़ जाएगा और इसकी लगभग 77 प्रतिशत आबादी तक पहुंच होने की उम्मीद है।

गत अप्रैल में, प्रधानमंत्री ने देशभर में आकाशवाणी की उपस्थिति को मजबूत करते हुए 100 वॉट के 91 एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें