देश की खबरें | मिजोरम : नागरिक संस्थाएं मणिपुर हिंसा के खिलाफ रैली करेंगी

आइजोल, 25 जुलाई नागरिक संस्थाएं जातीय हिंसा से जूझ रहे मणिपुर में ‘जो’ समुदाय के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए मंगलवार को मिजोरम में प्रदर्शन करेंगी।

मिजोरम में मिजो समुदाय के लोगों का मणिपुर के कुकी, बांग्लादेश के चटगांव पहाड़ी इलाकों के कुकी-चिन और म्यांमा के चिन समुदाय के लोगों के साथ जातीय संबंध है। इन्हें सामूहिक रूप से ‘जो’ कहा जाता है।

‘सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन’ (सीवाईएमए) और ‘मिजो जिरलाई पावल’ (एमजेडपी) सहित पांच प्रमुख नागरिक संस्थाओं का समूह विरोध रैलियां निकालेगा।

मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने घोषणा की है कि रैलियों के समर्थन में उनकी ‘मिजो नेशनल पार्टी’ (एमएनएफ) का कार्यालय मंगलवार को बंद रहेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से रैलियों में हिस्सा लेने को कहा।

एमएनएफ के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेपीएम) समेत अन्य विपक्षी दल भी रैलियों के समर्थन में अपने पार्टी कार्यालय बंद रखेंगे।

प्रदर्शनों के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

मिजोरम के पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की और आइजोल में उन स्थानों का दौरा किया, जहां प्रदर्शन होने हैं।

शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों को सभी जिलों, विशेषकर संवेदनशील क्षेत्रों में उचित संख्या में बलों की तैनाती करने, गश्त करने और सतर्कता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)