देश की खबरें | मिजोरम विधानसभा चुनाव: जेडपीएम रुझान में एमएनएफ से आगे, उपमुख्यमंत्री की हार, मुख्यमंत्री पीछे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की सोमवार को जारी गणना के बीच विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली और 25 सीटों पर बढ़त बना ली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
आइजोल, चार दिसंबर मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की सोमवार को जारी गणना के बीच विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली और 25 सीटों पर बढ़त बना ली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
आयोग के अनुसार, राज्य में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) 10 सीट और कांग्रेस एक सीट पर आगे है।
मिजोरम में 40 विधानसभा सीट हैं और बहुमत के लिए 21 सीट जीतनी आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग सीट में जेडपीएम के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से 909 मतों के अंतर से शिकस्त मिली।
दो दौर की मतगणना के बाद मुख्यमंत्री जोरमथंगा आइजोल ईस्ट-1 सीट पर जेडपीएम उम्मीदवार लालथनसांगा से पीछे हैं।
जेडपीएम उम्मीदवार जेजे लालपेखलुआ साउथ तुईपुई सीट पर स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना से आगे हैं।
मुख्यमंत्री पद के लिए जेडपीएम के उम्मीदवार लालदुहोमा सेरछिप सीट पर आगे हैं।
राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू हो गई। मतगणना 13 केंद्रों में की जा रही है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई और ईवीएम में पड़े वोट की गिनती सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई।
राज्य के 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र और 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है।
जिन सीटों पर मतदाताओं की संख्या कम है, वहां केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकतर निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी।
मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल हैं।
मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)